दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) राजीव चौक सहित दूसरे मेट्रो स्टेशनों से आपत्तिजनक विज्ञापन पोस्टर हटाने के लिए तैयार हो गया है। विज्ञापन के आपत्तिजनक होने की शिकायत रविवार को कुछ पत्रकारों ने की थी। यह विज्ञापन एक निजी कंपनी का है। डीएमआरसी के प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। डीएमआरसी के प्रवक्ता तोमोजीत भट्टाचार्जी ने सोमवार को कहा, "हमने प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशन से आपत्तिजनक पोस्टर हटाए जाएंगे।" हालांकि उन्होंने कार्रवाई पूरी करने के लिए निश्चित समय सीमा का जिक्र नहीं किया।
पत्रकारों के एक समूह ने रविवार शाम राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर एक निजी कंपनी के विज्ञापन के आपत्तिजनक होने की शिकायत डीएमआरसी में दर्ज कराई थी। साथ ही पोस्टर को हटाने की मांग भी की थी।शिकायतकर्ता ने बताया कि विज्ञापन में एक महिला को शरीर पर सिर्फ फीतेनुमा टेप चिपकाए दिखाया गया है, जिस पर 'सेल' लिखा है। उन्होंने कहा, "सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के विज्ञापन लगाने का मतलब क्या है! क्या महिलाएं बिकाऊ हैं?"
शिकायतकर्ता ने सोमवार को बताया, "हमने डीएमआरसी में इसकी शिकायत कल (रविवार) ही दर्ज करा दी थी। आज सुबह हमें राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से स्टेशन प्रबंधक का फोन आया और उन्होंने कहा कि सभी मेट्रो स्टेशन से आपत्तिजनक पोस्टर हटाए जाएंगे।" डीएमआरसी प्रवक्ता ने कहा कि हमारे पास जब भी किसी तरह की कोई शिकायत आई है, तो हमने यथासंभव कार्रवाई की है। उन्होंने कहा, "भविष्य में भी इस तरह की कोई शिकायत आती है, तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें