राहुल मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रत्याशियों से बात करेंगे - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 17 जनवरी 2014

राहुल मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रत्याशियों से बात करेंगे

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणा पत्र की तैयारी के लिए देश की चुनिंदा महिला प्रतिनिधियों से संवाद करने महिला कांग्रेस के कार्यक्रम में उपस्थित होने 20 जनवरी को भोपाल आ रहे पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी यहां उस दिन नवंबर के विधानसभा चुनाव में पार्टी के जीते-हारे प्रत्याशियों से भी बातचीत कर सकते हैं।
      
प्रदेश कांग्रेस सूत्रों ने आज यहां बताया कि विधानसभा चुनाव में जीते और पराजित हुए पार्टी के प्रत्याशियों से गांधी द्वारा इस अवसर पर बातचीत करने की संभावना है, इसलिए इसके लिए उन्हें भोपाल आने के लिए तैयार रहने को कहा जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांधी, इन प्रत्याशियों से प्रदेश में हार की वजह पूछ सकते हैं। उनके साथ बैठक के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के प्रतिनिधियों को भी सूचित किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे भी यहां पहुंच सकें। 
     
सूत्रों ने कहा कि अभी पार्टी ने उपाध्यक्ष गांधी के दौरे का विस्तत कार्यक्रम जारी नहीं किया है, लेकिन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने प्रदेश कांग्रेस को उनके दौरे के समय प्रत्याशियों और पीसीसी प्रतिनिधियों की बैठक की तैयारी करने को कहा है। 
    
प्रदेश कांग्रेस के अधिकतर बड़े नेता इस समय दिल्ली में हैं, इसलिए यह साफ नहीं है कि राहुल विधानसभा प्रत्याशियों और पीसीसी प्रतिनिधियों से कब और कहां बात करेंगे। दूसरी ओर, भोपाल के पुराने विधानसभा भवन मिंटो हॉल में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा देश में विभिन्न क्षेत्रों की चुनिंदा 250 महिलाओं के साथ गांधी के आयोजित किए जा रहे संवाद कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस की महिला पदाधिकारियों की हिस्सेदारी सुनिश्चित नहीं होने की वजह से उनमें असंतोष है। 
     
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष आभा सिंह ने इस बात पर नाराजगी जाहिर की है कि उन्हें कार्यक्रम का आमंत्रण नहीं दिया गया है। महिला कांग्रेस की भी प्रदेश पदाधिकारियों के सामने भी यह साफ नहीं है कि उन्हें कार्यक्रम में बुलाया जाएगा या नहीं। हालांकि प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष मांडवी चौहान ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस की महिला पदाधिकारियों को बुलाया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश महिला कांग्रेस की चुनिंदा प्रदेश पदाधिकारियों को भी कार्यक्रम की व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
     
 सूत्रों का कहना है कि गांधी के साथ महिलाओं के इस संवाद में जिन 250 महिलाओं को बुलाया जाना है, उन्हें आमंत्रण देने का काम एआईसीसी से हो रहा है। प्रदेश महिला कांग्रेस के पास न तो कार्यक्रम में बुलाई जा रहीं महिलाओं की सूची उपलब्ध है और न ही कार्यक्रम का एजेंडा। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शोभना शाह कल भोपाल आएंगी, तभी कार्यक्रम में आमंत्रित प्रतिनिधियों और एजेंडे पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं: