झारखंड में 63.55 फीसदी मतदान - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 24 अप्रैल 2014

झारखंड में 63.55 फीसदी मतदान


jharkhand cast
झारखंड में लोकसभा चुनाव के छठे और अंतिम चरण के तहत गुरुवार को चार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 63.55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। झारखंड के मुख्य निर्वाचन आयुक्त पी.के. जाजोरिओआ ने संवाददाताओं को बताया कि अंति चरण में 63.55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दुमका में 64 और धनबाद में 62 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने बताया कि दुमका, पाकुर, धनबाद, देवघर और अन्य स्थानों पर सुबह सात बजे से से लेकर शाम चार बजे तक मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। युवा मतदाताओं और पहली बार मतदान कर रहे युवाओं की काफी भीड़ थी।


धनबाद की रहने वाली कविता ने इस बार अपना पहला वोट दिया। बकौल कविता, "मैं पहली बार वोट दे रही हूं। हम ऐसी सरकार चाहते हैं, जो ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन कर सके।" अंतिम चरण में राज्य की चार लोकसभा सीटों-धनबाद, दुमका, राजमहल और गोड्डा में मतदान कराया गया जो शांतिपूर्ण रहा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रमुख शिबू सोरेन ने बोकारो जिले में मतदान किया। सोरेन की चुनावी टक्कर दुमका संसदीय सीट पर झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी से है। राज्य में अंतिम चरण के मतदान में कुल 72 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया।



चारों निर्वाचन क्षेत्रों में 7,489 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 2,439 संवेदनशील और 1,154 अति संवेदनशील घोषित किए गए थे। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक रूप से संपन्न कराने के लिए 7,489 मतदान केंद्रों पर 45,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। कोयला नगरी धनबाद में भाजपा सांसद पी.एन. सिंह, कांग्रेस के अजय दुबे और तृणमूल कांग्रेस के चंद्रशेखर दुबे के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।



गोड्डा में भी मुकाबला त्रिकोणीय है। यहां भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, कांग्रेस के फुरकान अंसारी और जेवीएम-पी के विधायक प्रदीप यादव के बीच कांटे की टक्कर है। चौथे उम्मीदवार सुबोध प्रसाद को भी कम नहीं आंका जा सकता। वह पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजसू की तरफ से चुनाव मैदान में हैं। राजमहल में भाजपा के हेमलाल मुर्मू और झामुमो के विजय हंसदा के बीच सीधी टक्कर है।

कोई टिप्पणी नहीं: