भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को यहां कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जो सपना देखा था वह आज तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कोसी नदी में आई बाढ़ की विभीषिका की चर्चा करते हुए कहा कि जब तक जल प्रबंधन की उचित व्यवस्था नहीं होगी तब तक यह संकट दूर नहीं हो सकता। मोदी ने सहरसा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने नदियों को जोड़ने का सपना देखा था परंतु आज तक उसे पूरा नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि अगर नदियों को जोड़ दिया जाए तो न केवल सूखा रहने वाले क्षेत्र में सूखा नहीं होगा बल्कि बाढ़ से घिरे रहने वाले क्षेत्रों में बाढ़ भी नहीं आएगी।
उन्होंने कोसी में प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ की चर्चा करते हुए कहा कि गांव के गांव बाढ़ के कारण तबाह हो जाते हैं, गांव नदियों में समा जाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि उचित जलप्रबंधन किया जाए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि केन्द्र में मजबूत सरकार बनने से ही देश का विकास हो सकता है। सहरसा में सभा को संबोधित करने के बाद वे मधुबनी के लिए निकल गए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें