कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता नरेंद्र मोदी को उनके घर में ही घेरते हुए कहा कि भाजपा नेता ने अपने राज्य में भ्रष्टाचार रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाया। वलसाड में आयोजित एक सभा में सोनिया ने पूछा, "मैं जानना चाहती हूं कि गुजरात सरकार ने लोकायुक्त को नियुक्त करने में 10 वर्षो का समय क्यों लिया।" गुजरात विकास मॉडल पर तंज कसते हुए सोनिया ने कहा कि राज्य पर 175,000 करोड़ रुपये का कर्ज है।
सोनिया ने कहा, "भाजपा ने दावा किया है कि यदि वे चुनाव जीतती हैं तो धरती पर स्वर्ग उतर आएगा। इसका सच यह है कि गुजरात कर्ज तले दबा है।" उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात सरकार गरीबों का ध्यान नहीं रखती। उन्होंने कहा, "यहां की सरकार ने गरीबों के लिए कुछ भी नहीं किया। राज्य में 11 रुपये से ज्यादा कमाने वालों को गरीब नहीं माना गया है।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीच में पढ़ाई छोड़ने में गुजरात सबसे आगे है और हर दो में से एक बच्चा कुपोषित है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए अपनी पार्टी की ओर से गरीबों को मुफ्त आवास, मुफ्त चिकित्सा सुविधा और वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन के वादे की याद दिलाई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें