निर्वाचन की तरह विभागीय कार्य भी जिम्मेदारी से करें-कलेक्टर
- सभी अधिकारी नियमित भ्रमण करके दें प्रतिवेदन-श्री मिश्रा
पन्ना 22 अप्रैल 14/कलेक्ट्रेट सभागार मंे आयोजित बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा वर्ष 2013-14 की उपलब्धियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सबके सहयोग और लगन से कार्य करने के कारण मतदान बिना किसी बाधा के सम्पन्न हुआ। सभी अधिकारी और कर्मचारी इसके लिए बधाई के पात्र है। निर्वाचन की ही तरह विभागीय कार्य भी पूरी जिम्मेदारी से सम्पन्न कराके शत-प्रतिशत उपलब्धि अर्जित करें। नये वित्तीय वर्ष के लिए अभी से माहवार कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य निर्धारित करें। लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कारगर रणनीति बनाएं। इसके लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय अन्य विभागों से करें। किसी तरह की कठिनाई आने पर उसे दूर करने के पूरे प्रयास करें। विभागीय योजनाओं की प्रगति की हर माह जानकारी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि लोक सभा निर्वाचन में मतदान का महत्वपूर्ण कार्य सम्पन्न हो गया है। मतगणना कार्य 16 मई को होगा जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। सभी अधिकारियों के पास विभागीय योजनाओं की रणनीति बनाने का पर्याप्त समय है। विभाग के लिए हर माह और हर सप्ताह के लक्ष्य निर्धारित कर इनकी पूर्ति कराएं। जिले ने मनरेगा में गत वित्तीय वर्ष में 51 करोड रूपये व्यय किए। इसकी 66 प्रतिशत राशि केवल जनवरी, फरवरी एवं मार्च में व्यय की गई। साल के 9 महीनो से अधिक कार्य केवल तीन माह में उन्ही अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उपयंत्रियों ने करके दिखा दिया। यह सही रणनीति के कारण संभव हुआ। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें। सोमवार तथा मंगलवार के दिन बैठकों एवं मुख्यालय में रहकर कार्य करने के लिए निर्धारित किए गए हैं। शेष दिन अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करें। भ्रमण के समय विभागीय योजनाओं की प्रगति की पूरी जानकारी लें। मैदानी अधिकारियों तथा कर्मचारियों से बेहतर उपलब्धि अर्जित कराएं। विभागीय कार्यो के साथ- साथ आंगनवाडी केन्द्रों से पोषण आहार के वितरण, मध्यान्ह भोजन योजना, पेयजल व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण एवं उचित मूल्य की दुकानों से खाद्यान्न वितरण की भी निगरानी करें। आवेदन पत्रों का तय समय सीमा में निराकरण करें। समय सीमा में लंबित तथा जनसुनवाई के सभी आवेदन पत्र 28 अप्रैल तक निराकृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। विभागीय कार्यो के लिए पत्राचार करते समय पत्र की भाषा पर भी ध्यान दें।कलेक्टर ने कहा की समर्थन मूल्य पर जिलेभर में 41 केन्द्रों में गेंहू की खरीद की जा रही है। खरीदे गए गेंहू का भुगतान समय पर सुनिश्चित करें। इसके उठाव तथा भण्डारण की व्यवस्था करें। खाद्यान्न वितरण में भी पूरा ध्यान देते हुए नियमित रूप से वितरण कराएं। जिन हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची जारी नही हुई है उन्हें पूर्व के प्रावधान के अनुसार खाद्यान्न वितरित कराएं। फरवरी, मार्च तथा अप्रैल माह का खाद्यान्न आवंटन जारी कर दिया गया है। इसका समय पर वितरण कराएं। इसमें गडबडी करने वालों पर कडी कार्यवाही करें। कलेक्टर ने पशुओं के टीकाकरण, खाद्य तथा बीज के भण्डारण, बीपीएल के आवेदन पत्रों के निराकरण, अतिवर्षा तथा ओला से फसल हानि में राहत राशि वितरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने मजदूरी भुगतान, हैण्डपम्पों के सुधार तथा लापरवाह सरपंचों पर तत्परता से कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे, एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे, वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता, सभी एसडीएम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पोषण पुर्नवास केन्द्र में नियमित भर्ती होंगे कुपोषित बच्चे
पन्ना 22 अप्रैल 14/कम पोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए जिले में 6 पोषण पुर्नवास केन्द्र संचालित हैं। इनकी कुल क्षमता हर माह 140 बच्चों का पोषण स्तर सुधारने की है। निर्धारित संख्या के अनुसार इन केन्द्रों में बच्चों की नियमित भर्ती करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाडी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह बताया कि प्रत्येक विकासखण्ड में पर्यवेक्षकों को हर माह की प्रथम तथा 16 तारीख को बच्चों को भर्ती कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्हें कुपोषित बच्चों की सूची तथा विवरण के साथ उनके भर्ती होने के दिनांक के संबंध में निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार यदि बच्चों की भर्ती नही कराई गई तो संबंधित पर्यवेक्षक के विरूद्ध एक पक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
विभागीय कार्ययोजना की जानकारी देने के निर्देश
पन्ना 22 अप्रैल 14/वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए विभागीय योजनाओं के लक्ष्य प्राप्त हो रहे हैं। कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्धारित प्रपत्र में विभागीय योजनाओं की शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि गत वर्ष हासिल उपलब्धि के दो गुना लक्ष्य इस वर्ष के लिए निर्धारित करें। इसे हर माह लक्ष्य में विभाजित कर उसकी पूर्ति सुनिश्चित कराएं। निर्धारित प्रपत्र में गत वर्ष की उपलब्धियों की भी जानकारी प्रस्तुत करें। इसी के आधार पर कार्ययोजना तैयार कराएं। प्रस्तावित कार्ययोजना तथा वर्तमान वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी 23 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक कलेक्ट्रेट कार्यालय की स्टेनो शाखा में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। तय समय सीमा के बाद प्राप्त कार्ययोजना पर विचार नही किया जाएगा। सभी कार्यालय प्रमुख समय सीमा का विशेष तौर पर ध्यान रखें।
हर बसाहट में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें-कलेक्टर
पन्ना 22 अप्रैल 14/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कार्यपालन यंत्री पीएचई को निर्देश देते हुए कहा कि हर बसाहट में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। बिगडे हैण्डपम्पों का अभियान चलाकर सुधार कराएं। तापमान बढने के साथ-साथ जल स्तर घटेगा। इस साल देर तक वर्षा होने से अभी पेयजल संकट नही है लेकिन गर्मी बढने के साथ कई बसाहटों में पेयजल का संकट हो सकता है। जिन गांवों में हर वर्ष पेयजल की कठिनाई गर्मी में होती है वहां अभी से व्यवस्था बनाएं। नल जल योजनाओं को सक्रिय करें। कार्यपालन यंत्री विद्युत मण्डल किसी भी नलजल योजना के कनेक्शन बिजली के बिल की आपूर्ति न होने पर नही काटेंगे। लंबित बिलों का शासन स्तर से भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। नगरीय निकाय भी बिजली बिलों का नियमित भुगतान करते हुए नलजल योजनाएं सक्रिय रखें। पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में कार्यपालन यंत्री पीएचई के.पी. वर्मा ने बताया कि बिगडे हैण्डपम्पों का नियमित सुधार किया जा रहा है। पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक विकासखण्ड में दल गठित कर दिए गए हैं। ग्राम पंचायतों द्वारा संचालित नलजल योजनाओं के लंबित बिजली बिलों का भुगतान शासन स्तर से किया जा रहा है। विद्युत मण्डल किसी भी नलजल योजना के कनेक्शन न काटे। उन्होंने गर्मी में पेयजल की आपूर्ति के लिए बनाई गई कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें