नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद उनके करीबी माने जाने वाले जीतन राम मांझी ने आज (मंगलवार) बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। जीतन यहां के 23वें मुख्यमंत्री होंगे। नीतीश ने जदयू विधायक दल द्वारा खुद को नया नेता नामित करने के लिए अधिकृत किए जाने के बाद कल यह फैसला लिया था।
मांझी 2008 से लगातार नीतीश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। महादलित समाज से आने वाले मांझी स्नातक (प्रतिष्ठा) हैं और संविधान के अच्छे ज्ञाता माने जाते हैं। उन्हें संसदीय राजनीति का भी लंबा अनुभव है। मांझी नीतीश कुमार के बेहद करीबी और भरोसेमंद माने जाते हैं। इससे पहले कल शाम सात बजे नीतीश राजभवन से बाहर निकले और पत्रकारों को बताया कि जदयू ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। मांझी नई सरकार का नेतृत्व करेंगे। जदयू के 117 विधायकों की सूची के साथ राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा सौंपा गया।
गौरतलब है कि सोमवार की दोपहर जदयू विधायक दल की बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री आवास के बाहर समर्थकों को समझने गए। लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहने को उनका आह्वान किया। साथ ही समझाया कि वर्तमान परिस्थिति में क्यों उनका सीएम बने रहना उचित नहीं है। इसके बाद शाम 6.30 बजे वह राजभवन गए। कार में उनके साथ सिर्फ जीतन राम मांझी थे। 68 वर्षीय मांझी लोकसभा चुनाव में गया से जदयू के प्रत्याशी भी थे। मांझी जहानाबाद जिले के मखदुमपुर से विधायक हैं।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें