नरेंद्र मोदी अमित शाह और अरुण जेटली से मिले - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 19 मई 2014

नरेंद्र मोदी अमित शाह और अरुण जेटली से मिले

कैबिनेट गठन से पहले भावी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने निकट सहयोगी एवं भाजपा महासचिव अमित शाह और वरिष्ठ पार्टी नेता अरुण जेटली से मुलाकात की। नवनिर्वाचित भाजपा सांसदों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से भेंट की। चाणक्यपुरी स्थित गुजरात भवन में मोदी ने शाह और जेटली से मुलाकात की। लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद जेटली को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ पार्टी नेता कल्याण सिंह ने भी मोदी से मिलकर बातचीत की।

मोदी जल्द ही संभवत: राजग के अन्य घटक दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे, जिनमें शिवसेना के उद्धव ठाकरे और तेदेपा के प्रतिनिधि शामिल हैं। राजनाथ सिंह के अशोक रोड स्थित आवास पर भी बैठकों का दौर चला। लोकसभा की पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज, उमा भारती, गोपीनाथ मुंडे, योगी आदित्यनाथ, वरुण गांधी और कई अन्य नवनिर्वाचित सांसदों ने राजनाथ से भेंट की।

उत्तर प्रदेश में भाजपा के गठबंधन साझेदार अपना दल की अनुप्रिया पटेल भी राजनाथ से मिलीं। उतर प्रदेश की 80 में से 73 सीटों पर राजग जीती है। अनुप्रिया ने कहा कि हमारे गठबंधन ने उत्तर प्रदेश में जबर्दस्त जीत दर्ज की है और कोई भी राज्य के महत्व की अनदेखी नहीं कर सकता है। भाजपा प्रमुख पहले ही कह चुके हैं कि गठबंधन के साझेदार दलों के हितों की रक्षा की जाएगी, इसलिए हमारे लिए और कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है।

पूर्व गृह सचिव आरके सिंह, गजेन्द्र सिंह शेखावत, दिल्ली के सांसद उदित राज, मनोज तिवारी और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने केशवकुंज स्थित संघ परिवार के मुख्यालय पर वरिष्ठ संघ नेताओं से मुलाकात की। इस बीच पाटलिपुत्र से भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद राम कृपाल यादव ने मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे को नाटक बताया। उन्होंने बिहार में ताजा चुनाव कराने की मांग की।

राजनाथ से उनके आवास पर मुलाकात के बाद रामकृपाल ने कहा कि हम चाहते हैं कि तत्काल चुनाव  हों। उन्होंने कहा कि नीतीश अच्छे अभिनेता हैं और नाटक में उन्हें विशेष प्रशिक्षण हासिल है। वह लोगों का इस्तेमाल करते हैं और फिर फेंक देते हैं। उनके लिए सत्ता बिन जल की मछली जैसी है।

संघ नेताओं से मुलाकात के बाद भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कल संसदीय दल की बैठक है और हमारे सभी सांसद आ रहे हैं। वे भाजपा अध्यक्ष और संघ नेताओं से मुलाकात करेंगे। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद कहा कि (सरकार गठन के) उस मुद्दे पर केवल मोदी और राजनाथ चर्चा कर रहे हैं। बाकी लोग केवल मुलाकात कर चुनावी जीत पर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह संघ के समर्थन के लिए यहां धन्यवाद करने आये थे। भाजपा स्वतंत्र रूप से कार्य करती है और आगे भी करती रहेगी। बिहार में राजग के सहयोगी और लोकजनशक्ति पार्टी के प्रमुख राम विलास पासवान पत्नी और बेटे चिराग के साथ राजनाथ से उनके आवास पर मिले। एमडीएमके प्रमुख वाइको भी भाजपा अध्यक्ष से मिले। मोदी ने कल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की थी। वहीं, भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने आज मोदी से मुलाकात की। सूत्रों ने बताया कि सुषमा की मोदी से यह मुलाकात यहां गुजरात भवन में हुई। मोदी कल से वहीं ठहरे हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: