राष्‍ट्रपति ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नियुक्‍त किया , 26 मई को पद की शपथ लेंगे - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 20 मई 2014

राष्‍ट्रपति ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नियुक्‍त किया , 26 मई को पद की शपथ लेंगे

राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नियुक्‍त कर दिया है. मोदी 26 मई को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे. मोदी 26 मई को शाम 6 बजे राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में शपथ लेंगे. मंगलवार को बीजेपी संसदीय दल की बैठक में नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया. उसके बाद एनडीए की बैठक हुई जिसमें एनडीए के घटक दलों ने भी मोदी को अपना नेता चुना.

एनडीए के प्रतिनिधियों के साथ नरेंद्र मोदी ने देश के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के साथ मुलाकात की. राष्ट्रपति ने नरेंद्र मोदी को शानदार जीत के लिए बधाई दी. राष्ट्रपति ने मोदी को देश के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया. मुलाकात के बाद मोदी ने प्रेस को बताया कि उन्हें औपचारिक तौर पर सरकार बनाने का न्यौता मिला है. मोदी ने राष्‍ट्रपति की तरफ से प्रधानमंत्री नियुक्‍त किए जाने का पत्र भी मीडिया को दिखाया. देश के भावी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कैबिनेट कैसी होगी. अटकलों का बाजार गर्म है. नरेन्द्र मोदी के खास सिपहसालारों को कैबिनेट में जगह मिलना तय है. बहस इस बात पर भी गर्म है कि कैबिनेट का आकार कितना बड़ा होगा.

अनुभवी और बीजेपी के पुराने नेताओं को भी कैबिनेट में जगह मिलेगी. मोदी की कैबिनेट में उमा भारती को शामिल किया जा सकता है. राबड़ी देवी को हराने वाले राजीव प्रताप रूडी को भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है. स्मृति ईरानी को राहुल गांधी से टक्कर लेने का तोहफा मिल सकता है. बताया जा रहा है कि मोदी की कैबिनेट में राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, मुरली मनोहर जोशी और सुषमा स्‍वराज को शामिल किया जाएगा. इसके अलावा नितिन गडकरी, वेंकैया नायडू, रविशंकर प्रसाद, मुख्‍तार अब्‍बास नकवी, अनंत कुमार, डॉ. हर्षवर्धन, धर्मेंद्र प्रधान और एसएस अहलूवालिया को भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है. वीके सिंह, स्‍मृति ईरानी, मीनाक्षी लेखी, पीयूष गोयल, सौरभ पटेल, अनुराग ठाकुर, राज्‍यवर्धन सिंह राठौड़, आर के सिंह, दीपक पारिख, सत्‍यपाल सिंह, बाबुल सुप्रियो और ई श्रीधरन को राज्‍यमंत्री का दर्जा मिल सकता है.

मोदी के पुराने सहयोगी अमित शाह के संगठन से जुड़े रहने की संभावना ज्यादा है. खासकर उत्तर प्रदेश में उनके शानदार काम के बाद इस बात की अटकलें तेज हो गई हैं. एक दिन पहले नरेन्द्र मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात कर उनकी चिन्ता दूर करने की कोशिश की थी. बताया जा रहा है कि आडवाणी लोकसभा स्पीकर बनना चाहते हैं लेकिन मोदी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं. एक अरसे के बाद देश की राजनीति में किसी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है. ये भी एक संयोग है कि बहुमत पाने वाली बीजेपी इकलौती ऐसी पार्टी है जिसने कांग्रेस के सिवा ये मुकाम हासिल किया है. ऐसे में इस बात की संभावना बढ़ गई है कि नरेन्द्र मोदी निशंक सत्ता चलाएंगे.

कोई टिप्पणी नहीं: