ईव्हीएम मशीनों से होंगे स्थानीय निकायों के चुनाव: कलेक्टर
- नगरीय निकायों के चुनाव को लेकर प्रशिक्षण सम्पन्न
छतरपुर/21 मई/आने वाले स्थानीय निकायों के चुनाव अब ईव्हीएम मशीन के माध्यम से सम्पन्न कराये जायेंगे। यह जानकारी जिला पंचायत सभाकक्ष में नगरीय निकायों के चुनावों को लेकर आयोजित प्रशिक्षण में कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर द्वारा दी गई। प्रशिक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत डाॅ. सतेन्द्र सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन श्री रवीन्द्र चैकसे, जिले के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ उपस्थित थे। कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा ईव्हीएम से स्थानीय निकायों के चुनाव सम्पन्न कराने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में उपयोग की गई ईव्हीएम मशीनों से आगामी स्थानीय निकायों में उपयोग की जाने वाली ईव्हीएम मशीनें कुछ भिन्न है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों में उपयोग की जाने वाली ईव्हीएम मशीन से 8 पदों का एक साथ चुनाव कराया जा सकता है। इसमें एक साथ 4 बैलेट यूनिट जोड़ी जा सकती है। उन्होंने अवगत कराया कि नगरीय निकायों के चुनावों में 2 एवं पंचायत चुनावों में 3 पदों का निर्वाचन सम्पन्न होगा। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों से कहा कि ईव्हीएम का संचालन भली-भांति सीख लें, जिससे वह गांव-गांव जाकर लोगों को समझाईश दे सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लेना बहुत जरूरी है। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा बताया गया कि ईव्हीएम की कंट्रोल यूनिट में एक डीएमएम डिवाइस लगाया गया है। इस डिवाइस में ईव्हीएम की सम्पूर्ण जानकारी सुरक्षित रखी जा सकती है। इस डिवाइस को अलग करके ईव्हीएम को दूसरे चुनाव में उपयोग किया जा सकता है। मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि कंट्रोल यूनिट में एक रिजर्व टाइम क्लाॅक का सिस्टम भी है। इसके माध्यम से मतदान की दिनांक, मतदान प्रारंभ होने का समय, मतदान समाप्ति का समय आदि का पता चल सकेगा। यह सिस्टम पिछले चुनावों में उपयोग की गई मशीनों में नहीं था। उन्होंने बताया कि मतदान करने के दौरान यदि एक पद के लिये वोट देना है और दूसरे पद के लिये वोट नहीं देना है तो ऐसी स्थिति में एण्ड बटन को दबाना जरूरी है।
पम्प सेट्स के चयन हेतु मेले का आयोजन 30 एवं 31 मई को
छतरपुर/21 मई/बुंदेलखण्ड पैकेज के तहत कपिलधारा हितग्राहियों को लाभांवित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय पम्प चयन मेला 30 एवं 31 मई को जिला पंचायत के प्रांगण में आयोजित किया गया है। जिला प्रबंधक, एम पी स्टेट एग्रो द्वारा मेले के दौरान पम्प डीलरों को पम्प के मेक माॅडल, हाॅर्स पावर, आरपीएम एवं कीमत का प्रदर्शन कराने के लिये कहा गया है, जिससे कि किसान अपनी पसंद व सुविधानुसार पम्प सेट्स का चयन कर सकें।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें