नरेंद्र मोदी रविवार को दो दिनों की नेपाल यात्रा पर जाएंगे - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 3 अगस्त 2014

नरेंद्र मोदी रविवार को दो दिनों की नेपाल यात्रा पर जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों की यात्रा पर आज नेपाल जा रहे हैं। यह 17 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नेपाल यात्रा होगी। मोदी लगभग 11 बजे काठमांडू पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान वह नेपाल के लिए आर्थिक मदद का ऐलान कर सकते हैं। मोदी के धर्मपुत्र जीत बहादुर भी उनके साथ जा रहे हैं।

मोदी की इस यात्रा का मकसद आर्थिक और अन्य द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाकर रिश्ते को और ऊंचाई पर पहुंचाना है। मोदी के धर्मपुत्र जीत बहादुर भी उनके साथ होंगे, जिसकी जीत बहादुर ने पुष्टि की है। जीत बहादुर वह लड़का है जो बचपन में रोजी-रोटी के लिए भारत आया था और भटककर गुजरात पहुंच गया था। लेकिन जब वह मोदी के पास पहुंचा तो मोदी ने परिवार के सदस्य की तरह उसकी देखभाल की और उसकी पढ़ाई का इंतजाम किया। बहादुर फिलहला बीबीए कर रहा है। यात्रा के दौरान नरेंद्र मोदी खुद जीत बहादुर को उसके परिवार को सौंपेंगे।

जीत बहादुर को उसके मां-बाप से मिलवाने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी खासा उत्साहित हैं। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि नेपाल की इस यात्रा से मेरी कुछ व्यक्तिगत भावनाएं भी जुड़ी हुई हैं। बहुत वर्ष पहले एक छोटा सा बालक जीत बहादुर असहायता की अवस्था में मुझसे मिला था। उसे कुछ पता नहीं था कहां जाना है? क्या करना है? और वह किसी को जानता भी नहीं था। उसे भाषा भी ठीक से नहीं आती थी।

मोदी के अनुसार, कुछ समय पहले मैं उसके मां-पिताजी को भी खोजने में सफल हो गया। यह इसलिए संभव हो पाया क्योंकि उसके पांव में छ: उंगलियाँ हैं। मुझे खुशी है की स्वयं उन्हें उनका बेटा सौंप सकूंगा।नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला प्रोटोकॉल तोड़कर मोदी की अगवानी करेंगे। इसके बाद नेपाल सरकार मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर देगी। मोदी का पशुपति नाथ मंदिर में प्रार्थना का भी कार्यक्रम है। मोदी की सुरक्षा के भी नेपाल में कड़े इंतजाम किए गए हैं। हवाई निगरानी भी बढ़ा दी गई है। भारतीय कमांडो भी वहां सुरक्षा जांच में लगे हुए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य आर्थिक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग के जरिए द्विपक्षीय संबंधों को और ऊंचाइयां देनी है। बिजली जैसे प्रमुख क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

मोदी नेपाल के अपने समकक्ष सुशील कोइराला के साथ वार्ता के अलावा वहां की संविधान सभा को भी संबोधित करेंगे। जर्मनी के तत्कालीन चांसलर हेल्मट कोल के बाद वह किसी देश के ऐसे दूसरे सरकार प्रमुख हैं जिन्हें यह सम्मान मिलेगा। इस दौरान वह नेपाल के व्यापार समुदाय की बैठक को संबोधित करेंगे और विश्व विख्यात पशुपतिनाथ मंदिर की विशेष पूजा में हिस्सा लेंगे। उनके नेपाल के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से भी मिलने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं: