बिहार विधानसभा की 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होगा। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। बिहार की नरकटियागंज, राजनगर, जाले, छपरा, हाजीपुर, मोहिउद्दीननगर, परबत्ता, भागलपुर, बांका और मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए 26़ 42 लाख मतदाता 2,422 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उप चुनाव में कुल 94 प्रत्याशी हैं जिसमें पांच महिला प्रत्याशी हैं। हाजीपुर में सर्वाधिक 15 तथा राजनगर और बांका में सबसे कम छह-छह प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार उपचुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। केन्द्रीय अद्र्घसैनिक बलों की 60 कंपनियां तथा बिहार सैन्य बल की 30 कंपनी के अलावे जिला पुलिस बल के 6,000 पुलिस बल और 1,950 से ज्यादा पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है।
सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे से शाम के छह बजे तक जबकि हाजीपुर, परबत्ता और बांका विधानसभा क्षेत्र में चार बजे तक मतदान होगा। मतगणना 25 अगस्त को होगा। विधानसभा के पिछले चुनाव में इन 10 सीटों में से छह पर भाजपा, तीन पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और एक पर जनता दल (युनाइटेड) की जीत हुई थी।
इस उपचुनाव में तीन वाम दलों का एका ने नौ सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं वहीं भाजपा ने नौ सीटों पर तथा उसकी सहयोगी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने एक सीट पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। राजद और उसकी सहयोगी पार्टी जद (यू) ने चार-चार पर तथा कांग्रेस ने दो सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें