प्रदेश में सेब ढुलाई में लगे वाहनों पर लगाया जाएगा जीपीएस
शिमला, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । बागवानी मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस सेब मौसम के दौरान बागवानों को अपने उत्पाद मंडियों तक सुचारू रूप से पहुंचाने के लिए प्रभावी पग उठाए हैं ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की कठनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सेब उत्पादकों को समय पर सेब पैकिंग सामग्री की उपलब्धता तथा परिवहन व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। श्रीमती स्टोक्स आज यहां सेब मौसम के दौरान प्रबंधों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रही थीं।
बागवानी मंत्री ने कहा कि सेब उत्पादक क्षेत्रों में मुख्य मार्गोंं के साथ-साथ सभी संपर्क मार्गों के रखरखाव को सुनिश्चित बनाया गया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को इस दिशा में प्रभावी पग उठाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गत वर्ष शिमला जिले में पायलेट आधार पर ग्लोबल पोजिश्निंग सिस्टम (जीपीएस) को स्थापित किया गया था। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा जीपीएस को प्रभावी तरीके से कार्यान्वित करने की प्रशंसा करते हुए कहा कि अन्य सेब उत्पादक जिलों में भी सेब ढुलाई में लगे वाहनों में यह सुविधा इस सेब मौसम में लागू की जाएगी। इससे सेब ढुलाई कार्यों में लगे वाहनों पर निगरानी रखी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि शिमला जिले में गत वर्ष चालकों को पहचान पत्र भी जारी किए गए थे ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बागवानों को बचाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि अन्य सेब उत्पादक जिलों में भी चालकों को ऐसे ही पहचान पत्र जारी किए जाएं। श्रीमती स्टोक्स ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में सेब के बक्सों एवं कार्टनों के भार को लेकर अधिसूचना जारी की है। हिमाचल प्रदेश कृषि एवं बागवानी उपज विपणन (विकास एवं नियामक संशोधन अध्यादेश, 2014) के संशोधित प्रावधानों के अनुसार सेब के बक्सों का भार 22.5 किलोग्राम तथा 11 किलोग्राम से अधिक नहीं होगा, जब इन बक्सों को हिमाचल प्रदेश विपणन बोर्ड के यार्डों या प्रदेश से बाहर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रावधान लोगों की मांग के अनुरूप किए गए हैं ताकि बिचौलियों के हाथों किसानों व बागवानों का शोषण न हो। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि आबकारी एवं कराधान विभाग तथा एपीएमसी को नए पैकिंग कानून को प्रभावी तरीके से कार्यान्वित करने के लिए सहयोग दें। उन्होंने सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को इन प्रावधानों को सख्ती से लागू करने और अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोलन जिले के परवाणु के पास टिपरा में बैरियर स्थापित किया जाएगा, जहां के पेटियों के भार को जांचा जाएगा। बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बागवानी उद्योग को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावी पग उठाए गए हैं। वर्ष 2014-15 के लिए योजना परिव्यय को बढ़ाकर 101.72 करोड़ रुपये किया गया है, जो वर्ष 2013-14 के योजना परिव्यय से 19.7 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि मंडी मध्यस्थता योजना को प्रभावी तरीके से कार्यान्वित किया जाएगा ताकि फल उत्पादकों को सेब के बेहतर मूल्य सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013-14 के दौरान एमआईएस के तहत 22.55 करोड़ रुपये मूल्य के ‘सी’ ग्रेड के 34229 मीट्रिक टन सेब का प्रापण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित सभी फल मंडियों को क्रियाशील बनाया गया है, जिससे बागवान अपने उत्पाद को नजदीक की फल मंडियों में बेच सकें और उन्हें इनके बेहतर दाम सुनिश्चित हो सके। सेब उत्पादक क्षेत्रों के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, आबकारी आयुक्त, बागवानी विभाग, एचपीएमसी, हिमफैड एवं एपीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
बीमारियों की रोकथाम के लिए बागवानों को मुफ्त दी जाएगी छिडक़ाव सारणी
शिमला, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । उद्यान विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां कहा कि सेब में लगने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए छिडक़ाव सारणी प्रकाशित की है, जिसे प्रदेश के बागवानों में मुफ्त बांटा जा रहा है। इसके अतिरिक्त सेब की विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के लिए वर्ष 2014 में 300 मी.टन/कि.ली. दवाइयां, जिनकी कुल लागत 1355 लाख रुपये बनती है, पर 424 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। इन्हें विभाग के विभिन्न पौध संरक्षण केन्द्रों के माध्यम से बागवानों में वितरित किया जा रहा है।उन्होंने बागवानों को सलाह दी है कि छिडक़ाव सारणी वर्ष 2014 में दर्शाई गई दवाइयोंं का ही इस्तेमाल करें ताकि सेब में लगने वाली बीमारियों से बागीचों को बचाया जा सके।
शिमला शहरी की मासिक बैठक
शिमला, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के प्रवक्ता दीपक सुन्द्रियाल ने जानकारी दी की ,जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी की मासिक बैठक रविवार 3 अगस्त 2014 ,दोपहर 2.30 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय शिमला हिमाचल प्रदेश में आयोजित की जायेगी . सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को सूचित किया गया है ,जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप भुजा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में जिला प्रभारी श्री हेमंद्र ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित रहंगे . बैठक में जिला कार्यकारणी व् सदस्यों द्वारा अपने अपने वार्ड की समस्याओ पर विचार विमर्श किया जायेगा .
जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक
शिमला, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक 4 अगस्त, 2014 को प्रात: 11 बजे, बचत भवन, उपायुक्त कार्यालय परिसर शिमला में होगी । बैठक की अध्यक्षता माननीय मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य) श्री नंद लाल करेंगें। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त उपायुक्त, श्री यूनुस ने दी। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी सरकारी व गैर सरकारी सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी हिस्सा लेगें ।
बिजली बंद रहेगी।
कुल्लू, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । सब स्टेशन भुंतर में कल 3 अगस्त को प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल भुंतर ने प्रैस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी। उन्होंने बताया कि सब स्टेशन भुंतर में उच्च क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य प्रगति पर है, जिस कारण समस्त भुंतर शहर, शमशी, बजौरा, शाड़ाबाई, हाथीथान, पारला भुंतर, जिया, मौहल एवं कलैहली में विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से बाधित रहेगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
बिजली बंद रहेगी।
कुल्लू, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । थलौट-लारजी तथा इसके अंतर्गत आने वाली सभी लाइन की मुरम्मत व रखरखाव के कार्य के चलते 3 व 4 अगस्त को प्रात 9 बजे से सांय 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। यह जानकारी प्रैस विज्ञप्ति के माध्यम से सीनियर अधिशाषी अभियंता विद्युत मण्डल कुल्लू ने दी। उन्होंने बताया कि 3 व 4 अगस्त को औट, लारजी, बालीचौकी, धामन, भ्याली व तलारा में बिजली आपूर्ति प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक बाधित रहेगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
चढियार, लम्बागंाव, पंचरूखी तथा पालमपुर के शिक्षकों ने जाने विधिक अधिकार
धर्मशाला, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । चढियार, लम्बागांव, पंचरूखी तथा पालमपुर के विभिन्न स्कूलों तथा कॉलेजों के 400 अध्यापकों ने आज रोटरी क्लब, पालमपुर में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उपमंडल विधिक सेवा समिति पालमपुर के संयुक्त तत्वावधान में विधिक साक्षरता शिविर के दूसरे व अंतिम दिन संविधान में प्रत्येक भारतीय नागरिक को प्राप्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों बारे जानकारी प्राप्त की। शिविर में उपमंडल विधिक सेवा समिति पालमपुर के अध्यक्ष व सिविल जज असलम बेग ने प्रतिभागियों को नागरिकों के मौलिक अधिकारों तथा कर्तव्यों बारे विस्तृत जानकारियां प्रदान की। उन्होंने शिक्षकों को कहा कि वह अपने शिक्षण संस्थानों में वापिस जा कर छात्र-छात्राओं को उनके मौलिक कर्तव्यों एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर बार एसोसियेशन के अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, एडवोकेट हिमांशु मिश्रा, लॉ कॉलेज धर्मशाला की संकाय सदस्य नमिता राणा, राकेश राणा तथा घनश्याम दास ने भी कानून सम्बन्धी जानकारी दी।
4 अगस्त को धर्मशाला तथा 5 अगस्त को शाहपुर में बिजली बंद
धर्मशाला, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । विद्युत् उप मण्डल न0 एक के सहायक अभियन्ता एसके चड्डा ने बताया कि विद्युत् लाईनों की मरम्मत के चलते उचित रख-रखाव के कारण 04 अगस्त को प्रात: 10 बजे से 3 बजे तक जोनल अस्पताल, आर्युवेदिक अस्पताल, कोर्ट, कचहरी अड्डा, उपायुक्त परिसर, पुलिस लाईन, सिविल लाईन, श्याम नगर, सिविल बाजार, राम नगर, सरस्वति नगर, शिक्षा बोर्ड, एआईआर, क्रिकेट स्टेडियम, सकोह, गुरूद्वारा रोड, धोबी घाट, कोतवाली बाजार, गमरू, खनियारा रोड, खड़ा डंडा रोड़, ओल्ड चड़ी रोड, तिब्बतियन लाईब्रेरी, कैन्ट रोड़, एचआरटीसी, कालापुल का कुछ क्षेत्र, टीसीवी, रामनगर और शिव बिहार में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम की खराबी के कारण यह कार्य दूसरे दिन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल शाहपुर ने जानकारी देते हुये बताया कि विद्युत लाईनों के उचित रखाव के कारण 05 अगस्त, 2014 को प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक मेन बाजार शाहपुर, 39 मील, सिहोलपुरी तथा साथ लगते क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी।
शोभा यात्रा के साथ जिला स्तरीय नागनी मेले का शुभारम्भ
धर्मशाला, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । नूरपुर के विधायक अजय महाजन ने आज नागनी में स्थानीय प्राईमरी पाठशाला से मंदिर तक शोभा यात्रा में भाग लेकर जिला स्तरीय नागनी मेला का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर श्री महाजन ने अपने सम्बोधन में कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी समृद्ध पहाड़ी संस्कृति के परिचायक हैं और हमारा यह नैतिक कर्तव्य बनता है कि हम अपने आने वाली युवा पीढी़ तक अपने स्वर्णीय को पहुंचायें । उन्होंने कहा की आधुनिकता की दौड़ में भी हमारे पारम्परिक त्योहारों और मेंलों की महत्ता यथावत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के रूप में जाना जाता है और आज भी हमारे ग्रामीण परिवेश में कोई भी कार्य स्थानीय देवी-देवताओं के सामने शीश नवाये बिना पूर्ण नहीं होता है। महाजन ने बताया कि नूरपुर विधान सभा क्षेत्र में अब तक 11 पाठशालाओं को स्तरोन्नत किया गया है तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिये अतिरिक्त स्टॉफ उपलब्ध करवाया गया है एवं सीटी स्कैन की मशीन भी उपलब्ध करवाई गई है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिये 21 नये टयूबवैल लगाये गये हैं। अजय महाजन ने नूरपुर की बेटी आकृति जिन्होंने एल्पस पर्वत पर भारत का झंड़ा फहरा कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है को स्मृति चिन्ह तथा शॉल भेंट कर सम्मानित किया। अजय महाजन ने मंदिर सेवादल कमेटी को अपनी और से 5000 रूपये दिये। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान एचएस कटोच ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए मेले के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग की धर्मशाला नाट्य ईकाई ने इस अवसर पर अपना कार्यक्रम दिया और लोगों को सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों बारे जागरूक किया। इस अवसर पर उप मण्डल अधिकारी अश्विनी सूद, डीएसपी मनोज जोशी, उप प्रधान रमेश चंद के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
नीरज ने किया उप स्वास्थ्य केन्द्र स्पेल जनता को समर्पित
धर्मशाला, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । मुख्य संसदीय सचिव, नीरज भारती ने आज स्पेल में उप स्वास्थ्य केन्द्र के नवनिर्मित भवन को जनता को समर्पित किया। इस स्वास्थ्य केन्द्र से क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों के लगभग 6500 लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध करवा रहा है। उल्लेखनीय है कि स्पेल में स्थित यह उप स्वास्थ्य केन्द्र नगरोटा सूरियां खंड का सबसे पुराना स्वास्थ्य केन्द्र है जोकि वर्ष 1979 से क्षेत्र के लोगों को अपनी सेवायें प्रदान कर रहा है। इस उप स्वास्थ्य केन्द्र के पुराने भवन के स्थान पर निर्मित किये गये भवन पर कुल 17 लाख 50 हजार रूपये की राशि व्यय हुई है। इस उप केन्द्र के अन्र्तगत 21 आंगनबाड़ी केन्द्र आते हैं जिन्हें अब स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारियां प्राप्त करने में सुविधा होगी। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में नीरज भारती ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध करवाने के लिये कृतसंकल्प है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से कार्यन्वित किया जा रहा है। जिला के ग्रामीण क्षेत्रों स्थित विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों एवं पैरामैडिकल स्टॉफ के रिक्त पदों को प्रमुखता से भरा जा रहा है। इसके उपरांत उन्होंने आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को चिकित्सा सुविधा इत्यादि के लिये मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता के रूप में क्षेत्र के पांच लोगों को 5100-5100 रूपये के चैक वितरित भी किये। नीरज भारती ने सांय के समय विश्राम गृह नगरोटा सूरियां में लोगों की समस्यायें सुनकर अधिकांश का निपटारा मौके पर ही कर दिया तथा शेष के निपटारे हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये । इस दौारान अधिकांश समस्यायें विद्युत, पेयजल तथा सडक़ निर्माण से सम्बन्धित थी। स्पेल उप स्वास्थ्य केन्द्र हेतु स्वयं की भूमि दान करने वाले स्थानीय निवासी जोली राम भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर एसडीएम ज्वाली मोहन दत्त, बीएमओ मनमोहन सिंह, मंडलाध्यक्ष श्री रण सिहं, उपाध्यक्ष राज शहरिया, पूर्व मण्डलाध्यक्ष अमर सिंह, ब्लॉक समिति अध्यक्षा वीना चौधरी, सचिव गुरदेव भारती, स्पेल के प्रधान भुवनेश कुमार, मसरूर पंचायत के उप प्रधान प्रकाश चंद, जिला परिषद् सदस्य किरण गुलेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कांग्रेस की प्रदेश सरकार किसानों को बरसात से हुए फसल के नुक्सान का मुआवजा दिलाने में नाकाम
हमीरपुर, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार किसानों को बरसात से हुए फसल के नुक्सान का मुआवजा दिलाने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि बरसात के चलते हमीरपुर जिला के साथ ही प्रदेश के विभिन्न भागों में किसानों की फसल को बारिश से काफी नुक्सान हुआ है लेकिन प्रदेश सरकार किसानों की फसल को हुए नुक्सान का आकलन तक नहीं करवा पाई है जिससे प्रदेश के किसानों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की दिक्कतों को समझते उनके साथ खड़ी है तथा विधानसभा में किसानों की फसल को बरसात से हुए नुक्सान का मुआवजा दिलाने के मुद्दे को उठाएगी। शनिवार को सुजानपुर विस क्षेत्र के लगवालती-बमसन के दर्जनों किसान बरसात के हुए फसल के नुक्सान का मुआवजा दिलाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से उनके पैतृक निवास स्थान समीरपुर में मिले। जिनमें प्रदेश भाजपा पंचायतीराज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, कक्कड़ पंचायत के प्रधान दिवेश कुमार, पूर्व बी.डी.सी. मदन लाल, कक्कड़ बूथ अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, सुजानपुर भाजपा मंडल के सचिव सुरेश मेहर सहित अन्य शामिल रहे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से गुहार लगाई कि उनकी फसल को बरसात से भारी नुक्सान हुआ है लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक कोई भी प्रतिनिधि फसल को हुए नुक्सान का जायजा लेने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर क्षेत्र के लगवालती-बमसन में बारिश से काफी तबाही हुई है तथा किसानों की 80 प्रतिशत मक्की की फसल तबाह हो गई है लेकिन सरकार के आपदा प्रबंधन बोर्ड का कोई अता-पता नहीं है जिससे क्षेत्र के किसान और आम जनता में सरकार के खिलाफ काफी रोष है। वहीं धूमल ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल को जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिलाया है जिससे किसानों ने कुछ राहत महसूस की है।
बिजली बिल संबन्धित उपमण्डल में ही जमा करवाएं
हमीरपुर, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता विद्युत मण्डल हमीरपुर नं01, हमीरपुर नं02 ईं. आरएस ठाकुर ने लम्बलू, कक्कड़ तथा टौणी देवी के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने विद्युत बिल लोक मित्र केन्द्रों में जमा न करवाएं । उन्होंने कहा है कि वे अपने विद्युत बिलों की अदायगी केवल संबन्धित उपमण्डल में जमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा लोकमित्र में जमा करवाएं विद्युत बिलों के लिये विद्युत विभाग जिम्मेवार नहीं होगा।
संस्कृत सप्ताह के कार्यक्रमों के प्रथम विजेता संभाग प्रतियोगिता में जाएंगे
हमीरपुर, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । केन्द्रीय विद्यालय हमीरपुर में आज संस्कृति सप्ताह समारोह का शुभारम्भ प्रभारी प्राचार्य मीना कुमारी ने मॉं सरस्वती की प्रतिमा पर माल्र्याण और दीप प्रज्जवलित कर श्ुाभारम्भ किया । समारोह में संस्कृत के शिक्षक कांशी राम ने बताया कि संस्कृत सप्ताह के तहत विद्यालय में श्लोकोच्चरण , काहनी कथन , गीता श्लोक, गायन, निबन्ध लेखन, संस्कृत संभाषण तथा संस्कृत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता जोकि चण्डीगढ़ में 13 अगस्त को आयोजित होगी में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर विद्यालय में विद्यालय प्रार्थना, छात्र प्रतिज्ञा , सुविचार, समाचार तथा अन्य विशेष कार्यक्रम संस्कृत में प्रस्तुत किये गये, विद्यालय में समस्त सदनों के मध्य संस्कृत समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें अम्बेदकर सदन प्रथम, रमन सदन द्वितीय तथा टैगौर सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । इससे पूर्व विद्यालय के समस्त अध्यापक -अध्यापिकाओं तथा छात्र कप्तानों ने मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अशीर्वाद ग्रहण किया ।
बिजली बिल अधिकृत अदायगी केन्द्रों में जमा करवाएं
हमीरपुर, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । सहायक अधिशाषी अभियंता विद्युत मण्डल हमीरपुर नं0 2 ईं. बलदेव चंद ने विद्युत उपमण्डल हमीरपुर 2 के तहत आने वाले सभी विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने विद्युत बिल लोक मित्र केन्द्रों में जमा न करवाएं । उन्होंने कहा है उपभोक्ता अपने बिलों की अदायगी कार्यालय द्वारा अधिकृत विद्युत बिल अदायगी केन्द्रों में ही करवांए । उन्होंने लोकमित्र केन्द्र में जमा करवाए गये विद्युत बिल वैध नहीं माने जाएंगे। लोकमित्र केन्द्र में जमा करवाएं विद्युत बिलों के लिये विद्युत विभाग उत्तरदायी नहीं होगा ।
उपायुक्त ने किया पेट्रोल पम्प का औचक निरीक्षण
ऊना, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । उपायुक्त अभिषेक जैन ने आज ऊना के नजदीक पेट्रोल पम्प का औचक निरीक्षण कर पेट्रोल व डीजल की शुद्धता, गुणवत्ता व माप का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पेट्रोल पम्प पर सुरक्षा प्रबन्धों का जायजा लेते हुए, अग्रिशमन उपकरणों के साथ-साथ पम्प के स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की। उन्होंने बताया कि लोगों को उपयुक्त दाम देने पर सही वस्तु ही उपलब्धता होनी चाहिए। उपायुक्त ने बताया कि कुछ लोगों ने के्रडिट/डेविट कार्ड से पेट्रोल-डीजल भरवाने पर अतिरिक्त दाम वसूलने की शिकायत पर उचित कार्यवाही तथा पेट्रोल-डीजल भरवाने पर उपभोक्ता को रसीद व कैश मीमो उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर नियंत्रक जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग यादविन्द्र पाल तथा विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
स्वयं सहायता समूहों का प्रशिक्षण शिविर आरम्भ
ऊना, 02 अगस्त (विजयेन्दर शर्मा) । कृषि विभाग के तत्वावधान में आज आतमा परियोजना के अन्तर्गत ऊना जिला की ग्राम पंचायत बहडाला में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ आतमा परियोजना के उप-परियोजना निदेशक डॉ. रविन्द्र सिंह जसरोटिया ने किया। इस कार्यशाला में जिला के तीन स्वयं सहायता समूहों की 60 महिलाओं ने भाग लिया। अपने अध्यक्षीय सम्बोधन के दौरान डॉ. जसरोटिया ने बताया कि आतमा परियोजना के अन्तर्गत ग्रामीण स्तर पर कामकाजी महिलाओं को विभिन्न समूहों में बांटकर प्रशिक्षित किया जाता है, ताकि उन्हें स्वावलम्बी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत महिलाओं को उनकी रूचि के अनुरूप कृषि से सम्बन्धित गतिविधियों में व्यवसायिक प्रशिक्षण के लिए टें्रनिंग दी जाती है। विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. अश्वनी दत्ता ने कृषि विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न आजीविकोपार्जन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, जिससे कि किसानों की आर्थिकी मेंं सुधार लाया जा सके। विकास खण्ड ऊना की कृषक सलाहकार समिति ‘आतमा’ की उपाध्यक्षा एवं प्रगतिशील किसान नरेश कुमारी ने महिलाओं को इस परियोजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और अपनी सफलता के बारे में भी विचार सांझे किये। इन्होंने इस मौके पर स्वयं महिलाओं को टमाटर सॉस बनाकर प्रशिक्षित किया। इस अवसर पर कृषि प्रसार अधिकारी राजा राम व सुनीता शर्मा, खण्ड तकनीकी प्रबन्धक, आतमा निशा के अलावा स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान सोमा देवी तथा प्रतिनिधि सुदेश कुमारी भी मौजूद रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें