पूर्वाचल एक्सप्रेस में डकैती, कई घायल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 8 अगस्त 2014

पूर्वाचल एक्सप्रेस में डकैती, कई घायल

हावड़ा से गोरखपुर जा रही पूर्वाचल एक्सप्रेस के दो एसी डिब्बों में अपराधियों ने जसीडीह-झाझा रेलखंड के तुलसी टांड़ के समीप रात करीब नौ बजे जमकर लूटपाट की। इस दौरान अपराधियों ने गाड़ी के चालक व गार्ड को जख्मी कर दिया। मारपीट में आरपीएफ के दरोगा, एसपी देवघर के परिजनों समेत दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। दरोगा की हालत गंभीर है।

घटना में लूट के शिकार हुए यात्रियों ने बताया कि गाड़ी जैसे ही जसीडीह [झारखंड] से चली कुछ मिनट बाद ही बदमाशों ने लूटपाट करना शुरू कर दिया जिसने जरा सा विरोध किया उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। आरपीएफ के दरोगा बीबी यादव ने जब लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें चाकू मार दिया। अत्यधिक रक्तस्त्राव से उनकी दशा गंभीर हो गई है। करीब 45 मिनट तक लाखों रुपये की नकदी व सामान की लूटपाट करने के बाद बदमाश ट्रेन से उतरकर अंधेरे में गायब हो गए।

घटना से गुस्साए यात्रियों का कहना था कि जब तक सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती है तब तक गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने देंगे। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। जसीडीह व झाझा से पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया है। यात्रियों को समझा-बुझाकर रात करीब सवा ग्यारह बजे ट्रेन को जंगल से निकालकर नजदीक के स्टेशन पर पहुंचाया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: