एशियाई खेल बैडमिंटन : महिला टीम सेमीफाइनल में, पुरुष बाहर - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 21 सितंबर 2014

एशियाई खेल बैडमिंटन : महिला टीम सेमीफाइनल में, पुरुष बाहर


saina nehwal
शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल के नेतृत्व में भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने शनिवार को इंचियोन में चल रहे 17वें एशियाई खेलों के महिला टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय पुरुष टीम का सफर हालांकि पहले ही दौर में मेजबान दक्षिण कोरिया से हारकर थम गया। भारतीय महिला टीम ने ग्येंगयांग जिम्नेजियम में पहले अंतिम-16 दौर के मुकाबले मकाऊ को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और इसके बाद क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कहीं मजबूत टीम थाईलैंड को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश करने के साथ ही कांस्य पदक पक्का कर लिया।

भारतीय महिलाएं अब रविवार को सेमीफाइनल में मेजबान दक्षिण कोरिया का सामना करेंगी। एशियाई खेलों में बैडमिंटन में 1986 के बाद पहली बार भारत को पदक मिलेगा। सायना ने पहले एकल मुकाबले में अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी रातचानोक इंतानोन को 21-15, 17-21, 21-18 से हराकर भारतीय टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। सायना को हालांकि इसके लिए एक घंटा सात मिनट तक कड़ा संघर्ष करना पड़ा। विश्व चैम्पियनशिप में लगातार दो कांस्य पदक जीतने वाली पी. वी. सिंधु ने इसके बाद दूसरे एकल मुकाबले में बी. पोर्नटिप को एकतरफा मुकाबले में 30 मिनट में मात देकर भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। पोर्नटिप को सिंधु ने सीधे गेमों में 21-15, 21-13 से हराया।

इसके बाद हालांकि तीसरे एकल मुकाबले में पी. सी. तुलसी बुसानान ओंगबामरुं गफान से 21-12, 21-14 से हार गईं। अगला युगल मुकाबला भी थाईलैंड ने जीत लिया और मैच में 2-2 की बराबरी कर ली। एन. सीक्की रेड्डी और प्रद्न्या गडरे की जोड़ी चौथे युगल मुकाबले में बी. पोर्नटिप और कुंचला वोरविचितचाईकुल की जोड़ी से 17-21, 21-18, 16-21 से हार गई। ज्वाला गुट्टा की अनुपस्थिति में अश्विनी पोनप्पा, सिंधु के साथ आखिरी और निर्णायक युगल मुकाबले में उतरीं। सिंधु और पोनप्पा की जोड़ी ने टी. सैपसीरी और टी. साराली की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हरा दिया और भारतीय टीम को 3-2 से जीत दिला दी।

दूसरी ओर भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम के बी. सुमित रेड्डी और मनु अत्री सहित किदांबी श्रीकांत और हाल में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पारुपल्ली कश्यप को भी टीम स्पर्धा में हार मिली। श्रीकांत को विश्व के सातवें वरीय खिलाड़ी सन वान-हो ने 14-21, 8-21 से हराया। वहीं विश्व की नंबर एक जोड़ी यो इयोन सियोंग और ली योंग डे ने रेड्डी एवं अत्री को केवल 35 मिनट में 12-21, 9-21 से हराया। विश्व के 28वें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कश्यप को भी 62वें वरीयता प्राप्त ली ह्यून इल से चौंकाने वाली हार मिली। कश्यप को मिली हार के साथ ही भारतीय पुरुष टीम के स्पर्धा में आगे बढ़ने की संभावनाएं खत्म हो गईं। कश्यप पहला गेम 21-6 से जीतने के बाद अगले दो गेम में 14-21 और 10-21 से हार गए।

कोई टिप्पणी नहीं: