बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी ने मंगलवार को सभी समितियों को भंग कर दिया है। इन समितियों को चौधरी ने करीब एक साल पूर्व खुद गठित किया था। पटना स्थित कांग्रेस मुख्यालय में इसकी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि समितियों को भंग करने संबंधी उनके सभी प्रस्तावों को कांग्रेस आलाकमान ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि समितियों को कई लोग ऐसे थे जो कांग्रेस की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहे थे।
चौधरी ने कहा कि अगले 30 नवंबर तक जिला, 15 दिसंबर तक प्रखंड और 30 दिसंबर तक प्रदेश की सभी समितियों का पुनर्गठन कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तत्काल प्रभाव से सात सदस्यीय प्रवक्ताओं की टीम गठित की गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्तमान समय में पूरे राज्य में सदस्यता अभियान चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद निर्णय लिए जाएंगे।
समिति के पुनर्गठन में जिला समिति के लोगों को राज्य समिति में स्थान दिया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 23 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस की ओर से पटना में आयोजित 'सामाजिक सद्भावना मार्च' में पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भाग लेंगे। इस दिन गांधी मैदान से राजभवन तक जुलूस निकाला जाएगा। माना जा रहा है कि कांग्रेस नई समितियों के गठन के साथ ही अगले साल संभावित विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारी में जुट जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें