दूरदर्शन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के भाषण का सीधा प्रसारण करने के विरोध में कांग्रेस द्वारा आज किए गए प्रदर्शन को भाजपा की दिल्ली इकाई ने यह कहते हुए आड़े हाथ लिया कि वह एक ‘‘सोचविहीन पार्टी’’ बन गई है ।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा, ‘‘दिल्ली में कांग्रेस एक सोचविहीन पार्टी बन गई है। जनता द्वारा खारिज किए जा चुके उसके नेता मीडिया की खबरों में बने रहने की खातिर तुच्छ मुद्दे उठाते रहते हैं ।’’
कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं ने आज यहां प्रदर्शन कर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के इस्तीफे की मांग की। पार्टी का आरोप है कि जावड़ेकर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के भाषण का नागपुर से सीधा प्रसारण दिखाने के लिए दूरदर्शन को मजबूर किया था ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें