राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा तैयारियों का जायजा, बासौदा एवं कुरवाई की मतगणना अब सात दिसम्बर को होगी
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त श्री आर परशुराम ने आज वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से निकाय निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जिन निकाय क्षेत्रो की मतगणना पहले छह दिसम्बर को होनी थी अब वह सात दिसम्बर को होगी। एनआईसी के व्हीसी कक्ष में कलेक्टर श्री एमबी ओझा ने जिले की निकायो में निर्वाचन प्रक्रिया सम्पादित कराए जाने हेतु किए गए प्रबंधो की बिन्दुवार जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र चैधरी ने निर्वाचन के मद्देनजर बरती जाने वाली सुरक्षा की तैयारियों से अवगत कराया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राय सिंह नरवरिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जयप्रकाश शर्मा, एनआईसी के डीआईओ श्री एमएल अहिरवार भी मौजूद थे।
दो प्रकरणो में आर्थिक मदद जारी
मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के तहत बासौदा तहसील के दो प्रकरणो में कलेक्टर श्री एमबी ओझा ने आर्थिक मदद जारी कर दी है। बासौदा तहसील के ग्राम स्यावदा के श्री अमर सिंह की मृत्यु कृषि कार्याे के दौरान हो जाने पर मृतक की पत्नी श्रीमती बैनीबाई कुशवाह को कुल एक लाख दो हजार रूपए की जिसमें दो हजार रूपए अन्त्येष्टि सहायता के भी शामिल है। इसी प्रकार ग्राम डिडोली की श्रीमती कलाबाई कुशवाह की कृषि कार्य करते समय करंट लगने से मृत्यु हो जाने पर मृतिका के पति श्री भाव सिंह को भी मुख्यमंत्री कृषक कल्याण योजना के तहत एक लाख रूपए और अन्त्येष्टि अनुदान दो हजार रूपए इस प्रकार कुल एक लाख दो हजार रूपए की आर्थिक सहायता जारी की गई है।
नगद इनाम की घोषणा
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र चैधरी ने जिले के विभिन्न थानो में दर्ज अपराध प्रकरण के फरार आरोपियों की सूचना देने अथवा गिरफ्तारी कराने में मदद करने वाले के लिए नगद इनाम देने की घोषणा की है। सिविल लाइन थाना में दर्ज अपराध के फरार आरोपी नरेन्द्र थापा पुत्र भीम बहादुर थापा जो एसएसएल जैन काॅलेज विदिशा के पास निवासरत पर पांच हजार रूपए का इनाम घोषित किया है। कोतवाली थाना में दर्ज अपराध प्रकरण के फरार आरोपियों जिन पर क्रमशः एक-एक हजार रूपए की नगद इनाम की घोषणा की गई है। उनमें छोटा बैरसिया थाना नरसिंहपुर जिला राजगढ निवासी रामबाबू धाकड़ पुत्र रामचंद धाकड़, जावेद पुत्र रफीक खां, रूकसार पति ईशाक खां, सोनू उर्फ संतु यादव पुत्र राज उर्फ भागचंद यादव शामिल है। इसके अलावा नीमखेडा थाना करारिया निवासी शंकर पुत्र मानक उर्फ बलदेव, पठारी थाना अंतर्गत ग्राम शहरवासा निवासी रामसेवक पुत्र हल्कई उर्फ गणेशराम अहिरवार, मुरवास थाना ग्राम भीला निवासी मोहम्मद उमर खां पुत्र मोहम्मद खा, लटेरी थाना निवासी विश्रामघाट के सामने सुहालिया बी पत्नी मोहम्मद खां और थाना सिविल लाइन निवासी ठर्र के दीपक पुत्र ज्ञान सिंह अहिरवार पर भी एक-एक हजार रूपए नगद इनाम घोषित किया गया है। इसके अलावा 63 अपराधियों पर क्रमशः पांच-पांच सौ रूपए नगद इनाम की घोषणा पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई है। सूचना देने वाला व्यक्ति चाहे तो उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
चयन सूची जारी
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका की अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र सुंदरियाल ने जानकारी देते हुए बताया है कि आंगनबाडी कार्यकर्ता, सहायिका की पूर्व में जारी अनंतिम चयन सूची के विरूद्व प्राप्त आपत्तियों का निराकरण जिला स्तरीय समिति के द्वारा किया गया है। परियोजनावार चयनित हुई आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका की जानकारी इस प्रकार से है। सिरोंज परियोजना के अंतर्गत आंगनबाडी केन्द्र थनरपुर में आंगनबाडी कार्यकर्ता हेतु श्रीमती राजकुमारी, आंगनबाडी केन्द्र देहरीपुरा में सहायिका पद हेतु श्रीमती अनवरी बी, कुरवाई परियोजना अंतर्गत आंगनबाडी केन्द्र पठारी के लिए कार्यकर्ता कु साहिरा बानो और आंगनबाडी केन्द्र सीहोरा हेतु कार्यकर्ता श्रीमती रीता पटेल तथा नटेरन परियोजना के अंतर्गत वार्ड 13 एवं 14 के लिए कार्यकर्ता श्रीमती ममता विश्वकर्मा तथा आंगनबाडी केन्द्र जोतपुर हेतु आंगनबाडी कार्यकर्ता पद हेतु श्रीमती सोनिया राजपूत का चयन किया गया है।
झलकारी दिवस पर महिलाएं हको से अवगत हुई
झलकारी दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इस दौरान शौर्या दल की महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया। विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र सुंदरियाल ने ग्राम रंगई में आयोजित कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को उनके कानूनन हको से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान हेतु विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है जिसका लाभ सुपात्र उठाए का आग्रह उन्होंने किया है। इस दौरान झलकारी दिवस पर 1857 की क्रांति में झलकारी बाई के सहयोग से भी शौर्या दल की महिलाओं को जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के उत्थान हेतु उल्लेखनीय कार्य करने वालो को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को महिला एवं बाल विकास विभाग के उप संचालक श्री योगेन्द्र यादव के अलावा ग्राम की सरपंच श्रीमती कलाबाई ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर शौर्या दल की सदस्यों के अलावा स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें