कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस की मुसीबत बढ सकती हैं। राजा अमेठी और कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के नाराज बेटे अनन्त विक्रम सिंह केन्द्र में सत्तारुढ भारतीय जनता पार्टी .भाजपा. में शामिल होने जा रहे हैं। संजय सिंह की पहली पत्नी श्रीमती गरिमा सिंह के बेटे अनन्त विक्रम 21 दिसम्बर को यहां पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा और उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी की मौजूदगी में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करेंगे। केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा के संगठन मंत्री सुनील बंसल के साथ चली बैठकों के दौर के बाद अनन्त सिंह ने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है।
37 वर्षीय अनन्त विक्रम ने कहा कि इस मसले पर हुई लम्बी बातचीत के बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया। उन्होंने कहा मुझे लगा कि अन्य पार्टियों के मुकाबले भाजपा जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय राजनीतिक दल है। इसी वजह से मैने पार्टी नेतृत्व से सम्पर्क साधा और उसमें शामिल होने का फैसला किया। उधर.अमेठी में कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा कि अनन्त विक्रम के भाजपा में शामिल होने को कांग्रेस के नुकसान के रुप में नहीं देखा जाना चाहिए। अमेठी के राजकुमार अभी राजनीति में पदार्पण कर रहे हैं। उन्होंने कहा केन्द्र में भाजपा सत्तारुढ है। संभवत: इसीलिए अपने लिए बेहतर राजनीतिक संभावनाएं देखकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है। यह उनका अपना बेहद निजी फैसला है और इसका कांग्रेस पर कोई असर नहीं पडेगा।
यहां यह गौरतलब है कि खुद श्री संजय सिंह 1998 से 2003 तक भाजपा से जुडे थे। अमेठी क्षेत्र 1998 में भाजपा के टिकट पर श्री सिंह कांग्रेस उम्मीदवार सतीश शर्मा को हराकर लोकसभा के लिए चुने गए थे। लेकिन 1999 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्री सिंह अमेठी क्षेत्र से पहली बार चुनाव मैदान में उतरी श्रीमती सोनिया गांधी से चुनाव हार गए थे। श्री सिंह 2003 में फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए थे और 2009 के चुनाव में सुलतानपुर सीट से लोकसभा सदस्य चुने गए। श्री सिंह की दूसरी पत्नी श्रीमती अमिता सिंह सुलतानपुर सीट से 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता वरुण गांधी के विरुद्ध कांग्रेस की प्रत्याशी थीं। इस चुनाव में श्री गांधी निर्वाचित घोषित हुए थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें