बसपा मुखिया और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने दिल्ली विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए अपना अभियान शुरू करने की घोषणा करते हुए आज यहां कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी।
बसपा मुखिया ने आज पार्टी कार्यालय पर अपने 59वें जन्मदिन के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मैं आज दिल्ली विधानसभा के लिए पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करती हूं, पार्टी दिल्ली विधानसभा की सभी सीटों पर अपने बलबूते पर चुनाव लडेगी। यह कहते हुए कि पार्टी कार्यकर्ता पूरे देश और प्रदेश में उनके जन्मदिन को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मना रहे है, मायावती ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छे दिन के झूठे सपने दिखाकर सत्ता में आयी भाजपा नीत राजग अब दिल्ली के लोगों को झूठे प्रलोभन और सपने दिखाने में लगी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में भाजपा नीत सरकार के साढे सात महीने में अच्छे दिन के सपने पूरे नहीं हुए, अब वह दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी जनता को धोखा देने के लिए अच्छे सपने दिखा रही है और झूठे प्रलोभन दे रही है।
मायावती ने नरेन्द्र मोदी सरकार पर जनता से किये वायदे के विपरीत अपने प्रमुख संगठन आरएसएस के एजेंडे को लागू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है और संकीर्ण साम्प्रदायिक सोच के तहत दलितों, पिछडों और धार्मिक अल्पसंख्यकों की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार निजी क्षेत्र में दलितों और पिछडो को आरक्षण की समुचित व्यवस्था किये बिना सरकारी विभागों के काम निजी क्षेत्रों की कंपनियों को दे रही है, जिससे दलितों और पिछडो के आरक्षण का हक मारा जा रहा है।
आरक्षण के मुद्दे पर बसपा मुखिया ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा और कहा कि वह तो भाजपा से भी एक कदम आगे है और आरक्षण व्यवस्था ही समाप्त करने के पक्षधर है। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा और आम आदमी पार्टी का दिल्ली में वर्चस्व है, दलितों, धार्मिक अल्पसंख्यकों और यहां तक कि सवर्ण जातियों के गरीबों को भी उनके अधिकार मिलने वाले नहीं है। यह कहते हुए कि इस मुद्दे पर कांग्रेस की नीति भी ढुलमुल ही रही है, मायावती ने मीडिया के जरिये दिल्ली के लोगो से सोच विचार करके सही पार्टी यानी बसपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि मैं अपने जन्मदिन पर मीडिया के जरिये दिल्ली में समाज के दबे कुचले और दुखी लोगों से अपील करती हूं कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग बुद्धिमानी के साथ करें और भाजपा, आप और कांग्रेस के धोखे में न आये।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें