जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने दल के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के समर्थन पर कांग्रेस के विरोध को दरकिनार करते हुए आज कहा कि जदयू दिल्ली चुनाव में ‘आप’ का समर्थन करेगा.
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली में केजरीवाल की ‘आम आदमी पार्टी’ का समर्थन करेगी. यहां नीतीश कुमार के आवास पर आज आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे वशिष्ठ ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि जदयू का कांग्रेस के साथ केवल बिहार में तालमेल है. प्रदेश के बाहर वह दूसरी राह चलने को स्वतंत्र हैं. इस बीच, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. त्यागी ने कहा कि दिल्ली में ‘आप’ का समर्थन करने का प्रस्ताव है पर इस बारे में अभी निर्णय लिया जाना बाकी है.
त्यागी ने फोन पर बताया कि समाजवादी पार्टी और राजद ने दिल्ली में अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं और ऐसी परिस्थिति में जदयू का ‘आप’ के लिए प्रचार करना बेहतर नहीं होगा. हमने आप को समर्थन देने के निर्णय को रोके रखा है.
कांग्रेस के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रेमचंद मिश्र ने नीतीश के कांग्रेस के बजाए दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के पक्ष में चुनाव करने पर हाल ही में नाराजगी जतायी थी. प्रेमचंद ने कहा था कि जदयू को यह याद रखना चाहिए कि बिहार सरकार को कांग्रेस का समर्थन हासिल है. इससे पहले हरियाणा में नीतीश कुमार ने कांग्रेस के विरूद्ध आईएनएलडी के पक्ष में प्रचार किया था और अगर वे दिल्ली में भी ऐसा करते हैं तो इससे बिहार में कांग्रेस के लोगों को दुख पहुंचेगा.
उन्होंने नीतीश को एक ‘परिपक्व नेता’ बताते हुए कहा कि राजनीति में कुछ ‘मर्यादा’ होनी चाहिए. अगर एक दल राज्य में किसी दूसरे दल के समर्थन से सरकार चला रही है ऐसे में दूसरे दल के विरोध में खडी पार्टी का समर्थन किया जाना उचित नहीं होगा. प्रेमचंद ने कहा कि अगर नीतीश ‘आप’ के समर्थन के लिए आगे बढ़ते हैं तो कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व बिहार में जदयू को समर्थन जारी रखने की समीक्षा करेगा.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें