पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने विश्व हिंदू परिषद पर 100 से ज्यादा ईसाइयों का धर्मांतरण करने का आरोप लगाया है. राज्य में मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के विधायक आशीष बनर्जी ने दावा किया कि बुधवार को वीएचपी ने बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित खुरमादाना गांव में धर्मांतरण समारोह किया और इसमें 100 से ज्यादा ईसाइयों का धर्मांतरण कराया.
शिक्षा राज्य मंत्री बनर्जी ने कहा, 'खुरमादाना गांव में धर्मातरण समारोह का आयोजन किया गया था. हमने जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है और हमारे वरिष्ठ नेता इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने पर चर्चा कर रहे हैं.'
राज्यसभा में तृणमूल के मुख्य सचेतक डेरेक ओ ब्रायन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ब्योरे की जांच करने में जुटी है और 'जबरन धर्मातरण का कोई संकेत भी मिलता है तो हम जितना संभव होगा उतनी कठोरता से निपटेंगे.' ओ ब्रायन ने ट्वीट किया, 'बंगाल का सांप्रदायिक सौहार्द के साथ रहने का लंबा इतिहास रहा है और (प्रवीण) तोगड़िया जैसे धर्मांध से कठोरता से निपटा जाएगा. हमें यह कहना है कि अगर जबरन धर्मातरण का कोई संकेत भी मिलता है तो मुद्दे को यथासंभव कठोरता से निपटा जाएगा.'
आरोप से इनकार करते हुए वीएचपी के संगठन सचिव सचिंद्रनाथ सिन्हा ने कहा कि यह एक धार्मिक समारोह था, न कि 'घर वापसी' था. गौरतलब है कि विश्व हिंदू परिषद धर्मांतरण के लिए अब 'घर वापसी' शब्द का ही इस्तेमाल करता है.
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें