बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (29 जनवरी) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 29 जनवरी 2015

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (29 जनवरी)

लोक सेवा गारंटी की सेवाओं का लाभ समय नी नहीं देने का मामला, लामता के बी.एम.ओ. पर 5 हजार रु. का जुर्माना
balaghat map
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आवेदकों को तय समय सीमा में चाही सेवा का लाभ नहीं दिलाने पर कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने लामता के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. वासु क्षत्रिय पर 5 हजार रु. का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की यह राशि डॉ. वासु के वेतन से वसूल कर समय पर सेवायें नहीं मिलने से परेशान हुए एक आवेदक को 3750 रु. तथा दूसरे आवेदक को 1250 रु. की राशि क्षतिपूर्ति के रूप मे प्रदान की जायेगी। 

प्रसूति सहायता राशि के लिए किया था आवेदन
बालाघाट तहसील के ग्राम खोड़सिवनी के निवासी पांडूरंग बनोटे ने श्रम विभाग की प्रसूति सहायता के लिए 30 दिसम्बर 2014 को लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किया था। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अनुसार पांडूरंग को  12 जनवरी 2015 को प्रसूति सहायता की राशि प्राप्त हो जाना चाहिए थी। इसी प्रकार ग्राम हीरापुर के योदाराव नागेश्वर ने भी श्रम विभाग की प्रसूति सहायता योजना की राशि के लिए लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से 07 जनवरी 2015 को आवेदन किया था। यादोराव को इस सेवा का लाभ 21 जनवरी 2015 तक प्राप्त हो जाना चाहिए था। 

आवेदकों को मिलेगी जुर्माने की राशि
कलेक्टर द्वारा 27 जनवरी 2015 को लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की आनलाईन समीक्षा के दौरान पाया गया कि पांडूरंग बनोटे व यादोराव नागेश्वर को तय समय सीमा के भीतर सेवाओं का लाभ नहीं मिला है। जो लोक सेवा गारंटी अधिनियम के विपरीत है और इससे आवेदकों को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ा है। आवेदकों को तय समय सीमा में चाही गई सेवाओं का लाभ पात्रता होने के बाद भी दिलाने में विफल रहने के कारण कलेक्टर द्वारा लामता के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. वासु क्षत्रिय पर 5 हजार रु. का जुर्माना लगाया है। डॉ. वासु क्षत्रिय के वेतन से 5 हजार रु. की राशि वसूल कर आवेदक पांडूरंग बनोटे को 3750 रु. तथा यादोराव नागेश्वर को 1250 रु. की राशि प्रदान की जायेगी। डॉ. वासु क्षत्रिय को जुर्माने की यह राशि शीघ्र जमा कराने कहा गया है।

भूतपूर्व सैनिकों एवं उनकी विधावाओं को डिजिटल लाईफ सर्टिफिकेट के लिए दस्तावेज जमा करने के निर्देश
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवा निवृत्त ले. कर्नल जया जेवियर ने बालाघाट जिले में निवासरत भूतपूर्व सैनिकों, सैनिकों की विधवाओं एवं सेना परिवार की पेंशन का लाभ लेने वाले आश्रित सदस्यों से कहा है कि वे बैंक की पेंशन वितरण शाखा में अपने जीवित रहने का प्रमाण पत्र शीघ्र जमा करायें। इस प्रमाण पत्र की एक प्रति जिला सैनिक कल्याण कार्यालय जिला सिवनी में भी जमा कराने कहा गया है। जिन पेंशनरों द्वारा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सिवनी में यह प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है और जिन्होंने मांगे गये दस्तावेज जमा नहीं कराये है, उन्हें अपना पहचान पत्र, डिस्चार्ज बुक, पेंशन भुगतान आदेश, चुनाव मतदाता कार्ड, अंशदायी पेंशन योजना के कार्ड, केंटीन स्मार्ट कार्ड, पेंशन पासबुक, आधार कार्ड की प्रति एवं स्वयं का तथा अपने घर का मोबाईल नम्बर शीघ्र जमा कराने कहा गया है। जिससे भविष्य में डिजिटल लाईफ सर्टिफिकेट की कार्यवाही आसानी से की जा सके। डिजिटल सर्टिफिकेट के लिए समस्त दस्तावेज कल्याण संयोजक श्री संतोष कुमार के पास जमा कराने कहा गया है। 

30 जनवरी को रखा जायेगा शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन
भारत के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी 2015 को प्रात: 11 बजे दो मिनट का मौन रखा जायेगा। 30 जनवरी को जिले की सभी शिक्षण संस्थाओं, निजी एवं सार्वजनिक उपक्रमों, वाणिज्य एवं उद्योग केन्द्रों में दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रध्दांजलि दी जायेगी। इस कार्यक्रम में आम जनता से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की गई है। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला व्यापार एवं उद्योग के महाप्रबंधक, आई.टी.आई. के प्राचार्य, नगरीय निकायों के नगर पालिका अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे 30 जनवरी को प्रात: 11 बजे अपनी संस्था में 2 मिनट का मौन रखें और 11 बजे मौन शुरू होने एवं समाप्त होने की सूचना सायरन बजा कर देने की व्यवस्था करें। आम जनता से अपील की गई है कि वे 30 जनवरी को जहां पर भी रहें प्रात: 11 बजे अपने स्थान पर खड़े होकर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखें। 

07 पंचायतों के सरपंच व सचिवों से वसूली के लिए आर.आर.सी. जारी
  • सर्व शिक्षा अभियान के निर्माण कार्यों में गबन का मामला

सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत शाला भवन निर्माण के लिए वर्ष 2008-09 में दी गई राशि का गबन करने के कारण कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल के निर्देश पर खैरलांजी विकासखंड की साम ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों से बकाया राशि की वसूली के लिए आर.आर.सी. जारी की गई है। बकाया राशि शीघ्र जमा नहीं करने पर सरपचं एवं सचिवों की चल-अचल संपत्ति की कुर्की कर नीलामी की जायेगी और बकाया राशि वसूल कर ली जायेगी। सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री विनय रहांगडाले ने बताया कि खैरलांजी विकासखंड की ग्राम पंचायत कोथुरना की सरपंच श्रीमती किरण बिसेन व सचिव खेमराज मलेवार से 61 हजार 766 रु., भौरगढ़ के सरपंच विट्ठलराव भंडारकर व सचिव योगेन्द्र धुवारे से 13 हजार 444 रु., सतोना के सरपंच राधेशम मात्रे व सचिव नंदकिशोर मात्रे से 2 लाख 45 हजार 701 रु., येरवाघाट की सरपंच लक्ष्मीबाई लिल्हारे व सचिव नरेन्द्र चौहान से 46 हजार 807 रु., बकोड़ी के सरपंच लिलेन्द्र बंसोड़ व सचिव कोमेन्द्र बिसेन से 65 हजार 511 रु., पिंडकेपार के सरपंच जियालाल दमाहे व सचिव रेखलाल अटरे से 81 हजार 708 रु. तथा ग्राम पंचायत छतेरा के सरपंच बाबूलाल सहारे व सचिव युवराज चौधरी से 33 हजार 73 रु. की वसूली के लिए आर.आर.सी. जारी की गई है।  इन सरपंच एवं सचिवों द्वारा शीघ्र बकाया राशि जमा नहीं करने पर उनकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की कर नीलामी की जायेगी और बकाया राशि वसूल कर ली जायेगी। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरसा के भृत्य के विरूध्द विभागीय जांच के आदेश, बिना सूचना के गायब रहने का मामला
सक्षम अधिकारी की अनुमति के बगैर लंबे समय से विभागीय प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने के कारण मुख्य चिकित्स एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. खोसला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरसा के भृत्य संतोष कुमार सैयाम के विरूध्द विभागीय जांच शुरू करने के आदेश दिये है। पेथालाजी विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार जैन को विभागीय जांच अधिकारी तथा सुश्री पी. मेश्राम को प्रस्तुर्तकत्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है। विभागीय जांच के उपरांत भृत्य संतोष की सेवायें समाप्त करने की कार्यवाही की जायेगी। ग्राम कचनारी का निवासी संतोष कुमार सैयाम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरसा में भृत्य के पद पर पदस्थ है। संतोष को बहुऊद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण के लिए छिंदवाड़ा भेजा गया था। लेकिन वह बिना सूचना दिये तथा सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त किये बिना दिनांक 01 दिसम्बर 2013 से बहुऊद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता विभागीय प्रशिक्षण से अनाधिकृत रूप से गायब है। संतोष का यह आचरण सिविल सेवा नियमों के विपरीत होने के कारण उसके विरूध्द विभागीय जांच शुरू की गई है। 

कोई टिप्पणी नहीं: