भारतीय जनता पार्टी .भाजपा. ने आतंकवाद के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं के बयानों की कडी आलोचना करते हुए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से जवाब मांगा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने आज यहां संवाददाताों से कहा कि अरब सागर में हाल में एक पाकिस्तानी नौका के खिलाफ खुफिया जानकारी के बाद हुई कार्रवाई पर कांग्रेस के एक नए नवेले प्रवक्ता ने सरकार पर सवाल उठाए थे और अब पेरिस में हुए आतंकवादी हमले के बारे में पार्टी के मणिशंकर अय्यर का बयान आया है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आतंकवाद के खिलाफ खडी है और कांग्रेस के नेता क्या बोल रहे हैं। आप इसे निजी बयान बताकर इनसे पल्ला नहीं झाड सकते। पाकिस्तानी नौका के बारे में कांग्रेस के आधिकारिक प्रवक्ता ने बयान दिया था जबकि श्री अय्यर पार्टी के वरिष्ठ नेता है। पार्टी में उनकी बात का वजन है और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी मित्र और सलाहकार रह चुके हैं।
श्री प्रसाद ने कहा संसद में बात..बात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगने वाली कांग्रेस को अपने नेताओं के बयान पर सफाई देनी चाहिए। हम इन बयानों में एक पैटर्न देख रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इन बयानों पर चुप क्यों है। देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी होने के नाते उसे आतंकवाद के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सभी को मिलकर लडना होगा ताकि जनता में खौफ पैदा न हो और सुरक्षा बलों का मनोबल बढा रहे। कांग्रेस को वोट बैंक की राजनीति बंद करके चीजों को गंभीरता से लेने की जरूरत है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें