एयर एशिया के दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का ब्लैक बाक्स जावा सागर में मिल गया है । इंडोनेशिया के समुद्री परिवहन महानिदेशालय ने कल यहां बताया कि एयर एशिया के दुर्घटना के शिकार हुए विमान क्यूजेड 8501 का ब्लैक बाक्स मिल गया है ।ब्लैक बाक्स विमान के पिछले हिस्से के मलबे के नीचे से बरामद किया गया एवं ब्लैक बाक्स को निकालने का काम सोमवार को किया जायेगा जिससे इस हादसे के रहस्य से पर्दा उठने की संभावना है । समुद्री परिवहन महानिदेशालय के को .आर्डिनेटर टोनी बुदियानो ने बताया कि नौसेना के जहाज के एन जदायत के गोताखोरों को समुद्र के तीस मीटर की गहराई में ब्लैक बाक्स मिला। श्री बुदियानो ने बताया कि ब्लैक बाक्स अभी विमान के पिछले हिस्से के मलबे के टुकडों के बीच फंसा हुआ है जिससे गोताखोरों को उसे निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड रहा है ।
श्री बुदियानो ने कहा कि खोजी दल विमान के मलबे के बीच से ब्लैक बाक्स को निकालने की कोशिश करेंगे जहां वह अभी फंसा हुआ है ।अगर यह तरीका नाकाम रहता है तो विमान के पिछले हिस्से को उठाने में इस्तेमाल की गई बैलून विधि प्रयोग में लाई जायेगी। उन्होंने कहा कि ब्लैक बाक्स निकालने के कोशिशों के तहत घटनास्थल पर उपकरण की जगह पर एक तैरने वाला चिन्ह लगाया गया है । खोज एवं बचाव एजेंसी अभियान के संयोजक एस बी सुप्रियादी ने बताया कि जावा सागर में तेज ध्वनि संकेत सुनाई देने के बाद ब्लैक बाक्स बरामद किया गया।उन्होंने कहा कि इस आवाज का पता उस जगह से एक किलोमीटर पूर्व में लगा जहां से विमान का पिछला हिस्सा बरामद किया गया था। विमान के पिछले हिस्से को शनिवार को बाहर निकाला गया था लेकिन उससे ब्लैक बाक्स नहीं मिला था।
गौरतलब है कि इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बडे शहर सुराबाया से सिंगापुर के लिए एयर एशिया का एक विमान रवाना हुआ था लेकिन यह जावा सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।हादसे के समय विमान में 162 यात्री सवार थे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें