- श्रीनि पर कोर्ट के फैसले के बाद धोनी पर बढ़ा दबाव
- ट्विटर के जरिए विराट ने धोनी को घेरा
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संरक्षक एन श्रीनिवासन पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब कैप्टन कूल भी चौतरफा घिरने लगे हैं। इसकी एक बानगी टीम इंडिया के उप कप्तान विराट कोहली ने गत शनिवार को दिखा दी। बताया जा रहा है कि आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में कप्तान धोनी की भूमिका को उजागर करने वाली डीएनए अखबार की रिपोर्ट को विराट ने ट्विटर पर पहले अपने फेवरेट में शामिल किया और फिर उसे रीट्वीट कर दिया। यानी धोनी के खिलाफ विराट कोहली ने मोर्चा खोल दिया है। हालांकि उन्होंने इस ट्वीट को शनिवार दोपहर लगभग 3:17 मिनट पर डिलीट कर दिया। दरअसल, डीएनए की रिपोर्ट में ये शक जाहिर किया गया था कि स्पॉट फिक्सिंग की जांच करने वाली मुद्गल कमेटी की रिपोर्ट में ‘इंडिविजुअल नं 2’ कहीं कप्तान धोनी तो नहीं हैं।
ट्विटर पर विराट कोहली के पांच मिलियन फॉलोअर्स हैं। विराट के इस ट्वीट पर शक इसलिए भी और गहरा रहा है क्योंकि बिहार क्रिकेट संघ के सचिव आदित्य वर्मा ने भी कहा है कि आईपीएल पर श्रीनिवासन के खिलाफ फैसला आने के बाद ऑस्ट्रेलिया से टीम के कई खिलाड़ियों ने उन्हें फोन कर बधाई दी। हालांकि वर्मा ने नामों का खुलासा नहीं किया। इतना ही नहीं वर्मा ने इस बात के भी संकेत दिए हैं कि भारतीय क्रिकेट में अभी असली भूचाल आना बाकी है। वर्मा के मुताबिक अदालत ने जस्टिस लोढ़ा की अगुवाई में जो तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है उसमें पुलिस अधिकारी बीबी मिश्रा की रिपोर्ट भी रखी जाएगी। अब तक यह रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। कमेटी इस रिपोर्ट पर भी विचार करेगी। अगर ऐसा हुआ, तो कई क्रिकेटर और अधिकारी जेल की हवा खाएंगे। स्पॉट फिक्सिंग में धोनी की भूमिका को लेकर पहले भी कई तरह के सवाल खड़े किए जा चुके हैं। खबर तो यह भी थी कि धोनी के संन्यास लेने के पीछे कहीं न कहीं स्पॉट फिक्सिंग का साया था। बहराहल, जो भी सच्चाई हो एक बात तो तय है कि कोहली के इस ट्वीट ने यह साबित कर दिया है कि ड्रेसिंग रूम में सब कुछ ठीक नहीं है, जिसका जिक्र ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट के बाद धोनी ने किया था।
दीपक कुमार
deepak841226@gmail.com
9555403291
अमर उजाला में कायऱ्र्यरत

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें