राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह को आज यहां हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ दिलायी गयी. उन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मंसूर अहमद मीर ने राजभवन में एक सादे समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. सिंह को हिमाचल प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. उर्मिला सिंह का 24 जनवरी को हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल के रूप में पांच साल का कार्यकाल पूरा हुआ था. कल उन्हें राजभवन में विदाई दी गयी. वह रायपुर के लिए रवाना हुईं.
राज्यपाल कल्याण सिंह को इस अवसर पर गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, विपक्ष के नेता पी के धूमल, कैबिनेट मंत्री विद्या स्ट्रोक्स, सुजान सिंह पठानिया, धनीराम शांडिल्य और प्रकाश चौधरी, मुख्य संसदीय सचिव नंदलाल, हाई कोर्ट के जज, महापौर, उपमहापौर एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
पदभार ग्रहण करने के बाद कल्याण सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभालकर वह अभिभूत हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और पहाड़ों ने मुझे हमेशा आकषिर्त किया है क्योंकि मुझे पहाड़ों से मनोवैज्ञानिक लगाव है. ’’ उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के मधोली गांव में जन्मे सिंह छह बार उत्तर प्रदेश विधानसभा सदस्य रहे और दो बार मुख्यमंत्री रहे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें