नक्सली हेलीकाप्टर गिराने की ट्रेनिंग दे रहे हैं - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 10 जनवरी 2015

नक्सली हेलीकाप्टर गिराने की ट्रेनिंग दे रहे हैं

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के कब्जे से पुलिस ने वीडियो बरामद किया है जिसमें नक्सली हेलीकाप्टर को गिराने का अभ्यास कर रहे हैं. राज्य के नक्सल मामलों के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर के विज ने आज यहां बताया कि पुलिस ने नक्सलियों के पास से वीडियो बरामद किया है जिसमें नक्सली हेलीकाप्टर की डमी बनाकर उसे गिराने का अभ्यास कर रहे हैं.

विज ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सली हेलीकाप्टर गिराने का अभ्यास करते हैं, लेकिन इसका वीडियो भी बनाया जा रहा है यह सूचना पहली बार मिली है. उन्होंने बताया कि इस जानकारी के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा सभी हेलीपैडों की सुरक्षा में अतिरिक्त जवानों को तैनात करने के लिए कहा गया है.

पुलिस ने इस वीडियो को राज्य के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के जंगल से बरामद किया है. इसमें माओवादी हेलीकाप्टर को निशाना बनाने का अभ्यास कर रहे हैं. पुलिस को मिले वीडियो में माओवादियों ने प्लास्टिक और लकड़ी से एक हेलीकाप्टर तैयार किया है तथा इसे उंचे पेड़ पर लटका दिया गया है. माओवादी इस हेलीकाप्टर पर निशाना लगाने का प्रयास कर रहे हैं. इस अभ्यास में माओवादियों को यह बताया जा रहा है कि वह अपने हथियारों से हेलीकाप्टरों पर कैसे निशाना लगा सकते हैं.

छत्तीसगढ़ में पदस्थ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल को जानकारी मिली है कि नक्सली क्षेत्र में तैनात हेलीकाप्टरों को मार गिराने के लिए अभ्यास करते हैं. इन हेलीकाप्टरों का इस्तेमाल ज्यादातर नक्सली हमले में घायल जवानों को बाहर निकालने के लिए किया जाता है.

अधिकारियों ने बताया कि माओवादी हेलीकाप्टर के उपर उड़ने के दौरान तथा नीचे उतरने के दौरान उसे निशाना बनाने की कोशिश करते हैं. वहीं नीचे उतरने के दौरान हेलीकाप्टर को भटकाने के लिए धुंआ का इस्तेमाल किया जाता है. बहरहाल, माओवादी इसमें सफल नहीं हो पाए हैं. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिछले साल नक्सलियों ने पुलिस से कई हथियार लूटे हैं जिनमें एके 47 रायफल और इंसास रायफल समेत कई अन्य आधुनिक हथियार शामिल हैं. इसके साथ ही नक्सली सुरक्षा बलों से ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल) लूटने में भी कामयाब रहे हैं. इस लांचर के माध्यम से आठ सौ मीटर की दूरी तक निशाना लागाया जा सकता है.

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस को आशंका है कि नक्सली इन हथियारों का इस्तेमाल हेलीकाप्टरों पर निशाना लगाने के लिए कर सकते हैं. सुरक्षा बल के जवानों से कहा गया है कि वह ऐसे स्थानों की तलाश करे जहां हेलीकाप्टरों को निशाना बनाने की ट्रेनिंग दी जा रही है.

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने जनवरी वर्ष 2013 में घायल जवान को बाहर निकालने के दौरान भारतीय वायु सेना के हेलीकाप्टर को निशाना बनाने की कोशिश की थी. वहीं पिछले वर्ष नवंबर महीने में सुकमा जिले में एक बार फिर नक्सलियों ने हेलीकाप्टर पर गोलीबारी की थी. इस घटना में एक कमांडो घायल हो गया था.

कोई टिप्पणी नहीं: