जनता दल परिवार के विलय के मद्देनजर आज जनता दल यूनाइटेड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन सिंह और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मानहानि के एक मुकदमे में पटना की अदालत में संयुक्त समझौता पत्र दाखिल कर दिया. श्री सिंह और श्रीमती राबड़ी देवी ने पटना के अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में यह संयुक्त समझौता पत्र श्री सिंह की ओर से 2009 में श्रीमती राबड़ी देवी के खिलाफ दाखिल किये गये मानहानि के मुकदमें में दाखिल किया है । अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी का पद रिक्त रहने के कारण आवेदन पर सुनवाई नही हो सकी और प्रभारी न्यायिक दंडाधिकारी आशुतोष खेतान ने आवेदन पर सुनवाई के लिये सात फरवरी 2015 की तिथि निश्चित की है ।
श्री सिंह की ओर से दाखिल किये गये शिकायती मुकदमें में आरोप लगाया गया था कि श्रीमती राबड़ी देवी ने सारण जिले के गरखा में पांच अप्रैल 2009 को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को श्री सिंह का बहनोई कहा था। श्री सिंह ने श्रीमती राबड़ी देवी के इस बयान को अपनी मानहानि बताते हुए यह शिकायती मुकदमा दाखिल किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें