प्रणव मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा को कांग्रेस की टिकट मिलना लगभग तय - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 7 जनवरी 2015

प्रणव मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा को कांग्रेस की टिकट मिलना लगभग तय

दिल्ली विधानसभा के आगामी चुनाव में होने वाले जिन रोचक चुनावी मुकाबलों पर लोगों की नजर रहेगी उनमें ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र की चुनावी लड़ाई को शुमार किया जाना लाजिमी है। क्योंकि यहां से राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी के चुनाव मैदान में उतरने के संकेत हैं। वह कांग्रेस के टिकट पर किस्मत आजमाने की तैयारी में हैं। इसलिए उन्हें भी चुनावी टिकट मिलने का इंतजार है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी सूची में उनका नाम शामिल किया जाएगा। शर्मिष्ठा को टिकट दिया जाना लगभग तय है।

नए साल के उपलक्ष्य में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचीं शर्मिष्ठा पर सबकी नजर रही। उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर पूछे गए सवालों के खुलकर जवाब भी दिए। उन्होंने माना कि वह ग्रेटर कैलाश से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं लेकिन उन्हें पार्टी के फैसले का इंतजार है।

ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र की चुनावी लड़ाई इसलिए अहम मानी जा रही है कि दिल्ली का मिनी बंगाल कहा जाने वाला चितरंजन पार्क इसी विधानसभा क्षेत्र में आता है। सियासी गलियारों में ऐसी चर्चा है कि यदि बंगाली समुदाय से ताल्लुक रखने वाली शर्मिष्ठा यहां से चुनाव मैदान में उतरती हैं तो उन्हें मिनी बंगाल का जोरदार समर्थन मिलेगा। दूसरी ओर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की पुत्री होने का सियासी लाभ भी उन्हें मिलेगा। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपने दो दर्जन उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है जबकि दूसरी सूची भी इस सप्ताह के अंत तक जारी कर दिए जाने के संकेत हैं। विभिन्न दावेदारों के नाम पर विचार किया जा रहा है। संभावना है कि अगले एक-दो दिन में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी और इसमें ज्यादातर उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: