विदिशा (मध्यप्रदेश) की खबर (09 जनवरी) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 9 जनवरी 2015

विदिशा (मध्यप्रदेश) की खबर (09 जनवरी)

प्रगति का सूचक है विज्ञान-कलेक्टर श्री ओझा , जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का शुभांरभ 

vidisha news
विदिशा जिला मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में शुक्रवार को कलेक्टर श्री एमबी ओझा ने जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का शुभांरभ किया। यहां उन्होंने कहा कि आधुनिक युग विज्ञान प्रगति का सूचक है जिस देश में जितना अधिक विज्ञान के क्षेत्र में कार्य हुए है वह देश उतना अधिक अग्रसर हुआ है। कलेक्टर श्री ओझा ने विद्यालयीन विद्यार्थियों का हौंसला अफजाई करते हुए कहा कि इसी विद्यालय से पढ़कर श्री कैलाश सत्यार्थी ने उल्लेखनीय कार्य कर नोबल पुरस्कार प्राप्त किया है। उन्होंने विद्यालय की गरिमा और बढ़ाने की अपेक्षा विद्यार्थियों से व्यक्त की। श्री ओझा ने कहा कि विज्ञान के तथ्यों की जानकारी प्राप्ति के लिए आवश्यक हुआ तो अन्य जिलो के वैज्ञानिकों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा। अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि सभी बच्चों में प्रतिभा होती है बस मात्र उस प्रतिभा का पहचान कर निखारने की आवश्यकता है इस कार्य में गुरूजनों की महती भूमिका है। उन्होंने जिले से अच्छे वैज्ञानिक बनकर जिले का नाम रोशन करें। कार्यक्रम को एसडीएम श्री एके सिंह ने भी सम्बोधित किया। 

माडलो का निरीक्षण
जिले के विभिन्न स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा नौ से ग्यारहवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए माॅडल जो विज्ञान पर आधारित है का मौके पर कलेक्टर सहित अन्य ने निरीक्षण किया और विद्यार्थियों का हौंसला अफजाई किया। 

नेत्र परीक्षण
उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय भोपाल के चलित नेत्र एम्बुलेंस के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों के साथ-साथ संस्था के गुरूजनों का भी निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया।

स्टेंडिग कमेटी की बैठक आज

त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के अंतर्गत विदिशा जिला पंचायत के विभिन्न वार्डो के विधिमान्य उम्मीदवारों को आदर्श आचार संहिता एवं निर्वाचन संबंधी अन्य जानकारियां मुहैया कराए जाने के उद्धेश्य जिला स्तरीय स्टेंडिंग कमेटी की बैठक 10 जनवरी को आयोजित की गई है। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष शाम पांच बजे से प्रारंभ होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एमबी ओझा की अध्यक्षता में आहूत उक्त बैठक में संबंधित उम्मीदवारों को निर्वाचन अभिकर्ता की नियुक्ति, नियत प्रारूप में प्रतीको की जानकारी, मतदान अभिकर्ता एवं गणना अभिकर्ता नियुक्त करने के साथ-साथ मतदान का समय व तिथि के अलावा निर्वाचन आयोग के नवीन दिशा निर्देशों से अवगत कराया जाएगा।

मंदबुद्धि निःशक्तजनों का स्वास्थ्य परीक्षण जारी

जिले केे चिन्हित मंदबुद्धि निःशक्तजनों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु सत्संग भवन में दो दिवसीय उपचार केम्प का आयोजन किया गया है। प्रथम दिन शुक्रवार 449 अविकसित निःशक्तजनों का पंजीयन कर उनका उपचार चिकित्सकों के द्वारा किया गया। शिविर का शुभांरभ अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने निःशक्तजनों का हौंसला अफजाई करते हुए उनके परिजनों से कहा कि नियमित व्यायाम कराने और स्नेह से देखभाल करने पर दवाईयों का असर दोगुना हो जाता है। उन्होंने कहा कि मंदबुद्धि के व्यक्ति जितना अधिक प्रसन्न रहेंगे उतना जल्दी उनमें सुधार होने की संभावना है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के निःशक्तजनों के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी इस दौरान प्राप्त की। सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक श्री सीएल पंथारे ने बताया कि जिले में 2996 मंदबुद्धि के निःशक्त चिन्हित किए गए है इनमें से 1219 निःशक्तजनों को आर्थिक सहायता योजनांतर्गत क्रमशः पांच-पांच सौ रूपए की राशि हर माह प्रदाय की जा रही है। इन सभी निःशक्तजनों का एक-एक लाख रूपए का बीमा भी कराया जा चुका है। ऐसे निःशक्त जो 18 वर्ष से ऊपर के हितग्राहियों को लीगल गर्जियनशिप के प्रमाण पत्र भी प्रदाय किए और उन्हें इस दौरान निरामय बीमा कार्ड भी मुहैया कराए गए। शिविर स्थल पर संयुक्त कलेक्टर सुश्री माधवी नागेन्द्र, डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा भारती, जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ श्री भूपेश गुप्ता तथा अखिल भारतीय विकलांग चेतना परिसर के विषय विशेषज्ञ डाॅक्टरो के अलावा निःशक्त एवं उनके अभिभावकगण मौजूद थे। 

पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद इनाम की घोषणा

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र चैधरी ने दो प्रकरणों के फरार आरोपियों की सूचना देने अथवा गिरफ्तारी कराने में मदद करने वाले के लिए नगद राशि क्रमशः दो-दो हजार रूपए देने की घोषणा की। जारी उद्घोषणा अनुसार थाना पथरिया के लिखित अपराध प्रकरण 141/14 के आरोपी कमर खां पुत्र ईसाक खां निवासी ग्राम बमूरियाताल एवं सिविल लाइन थाने में दर्ज अपराध प्रकरण 318/12 के आरोपी गणेश बैरागी पुत्र भगवान दास बैरागी निवासी करैयालखेडा रोड विदिशा के आरोपी विरूद्व फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उक्त दर्ज अपराध प्रकरण के फरार आरोपी की सूचना देने अथवा गिरफ्तारी कराने में मदद करने वाले के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद राशि क्रमशः दो-दोे हजार रूपए की राशि देने की घोषणा की हैै। सूचना देने वाला व्यक्ति चाहे तो उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: