वामपंथी राजनीति के धुरी माने जाने वाले सीताराम येचुरी का मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)पार्टी के आधार स्तंभ को मजबूती देने में अहम योगदान रहा है और अपनी इसी राजनीतिक ताकत की बदौलत आज वह पार्टी के पांचवें महासचिव निर्वाचित हुये हैं। श्री येचुरी का जन्म 12 अगस्त 1952 को तत्कालीन मद्रास (अब चेन्नई )में तेलुगुभाषी ब्राह्मण परिवार में हुआ था। श्री सर्वेश्वर सोमायाजी येचुरी और श्रीमती कलपक्कम येचुरी के पुत्र श्री येचुरी ने नयी दिल्ली के प्रेसीडेंट्स इस्टेट स्कूल में अध्ययन किया था और सेंट्रल हायर सेकेंडरी बोर्ड की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर पहले स्थान पर रहे थे। उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक और जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र की स्नातकोत्तर उपाधि ली। बाद में श्री येचुरी जब जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से ही अर्थशास्त्र में पीएचडी कर रहे थे तो उन्हें इसी दौरान आपातकाल के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया और उनका शोध कार्य बीच में ही खत्म हो गया।
श्री येचुरी ने 1974 में स्टूडेंट्स् फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के साथ जुड़कर अपनी राजनीतिक करियर की शुरूआत की। इसके एक साल बाद वह माकपा में शामिल हो गये। वर्ष 1975 में देश के आपातकाल के दौरान उन्हें उस समय गिरफ्तार कर लिया गया , जब वह जेएनयू के छात्र थे। इससे पहले वह अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिये कुछ समय तक भूमिगत भी रहे। आपातकाल की समाप्ति के बाद वह जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुये। श्री येचुरी 1978 में एसएफआई के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव और इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष् बने। वर्ष 1984 में उन्होंने एसएफआई छोड़ दी और 1985 में माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य बने। वह 1988 में माकपा के केंद्रीय सचिव और 1992 में 14वें कांग्रेस में पोलित ब्यूरो सदस्य के रूप में निर्वाचित हुये। जुलाई 2005 में श्री येचुरी पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिये सदस्य चुने गये।
राजनीति से इतर भी कई क्षेत्रों में श्री येचुरी ने अपनी पहचान साबित की है। उन्हाेंने प्रमुख राष्ट्रीय अंग्रेजी समाचारपत्र हिन्दुस्तान टाइम्स में काॅलम भी लिखे हैं। उन्होंने कई किताबें भी लिखीं, जिनमें . व्हाट इज दिस हिन्दू राष्ट्र, सोशलिज्म इन 21 सेंचुरी, कम्युनिलजज्म वर्सेस सेक्यूलरिज्म और घृणा की राजनीति(हिन्दी) जैसी किताबें प्रमुख हैं। उन्होंने पीपुल्स डायरी ऑफ फ्रीडम, द ग्रेट रेवाल्ट: एक लेफ्ट एप्राइसल और ग्लोबल इकानॉमिक क्राइसिस: ए मार्क्ससिस्ट पर्सपियोटिव जैसी किताबों का संपादन भी किया। श्री येचुरी ने पत्रकार सीमा चिश्ती से विवाह किया है जो इन दिनों बीबीसी की दिल्ली संपादक हैं। सीमा उनकी दूसरी पत्नी हैं । श्री येचुरी की पहली पत्नी से एक पुत्र और एक पुत्री है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें