स्कूल चले हम अभियान 2015, राज्य स्तर के अधिकारी करेगें शालाओं का भ्रमण
6 वर्ष से अधिक की आयु के सभी बच्चों को शालाओं में प्रदेश दिलाने एवं उनका नियमित रूप से शाला आना सुनिश्चित करने के मकसद से राज्य शासन द्वारा स्कूल चले हम अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्यक्रम है। सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री विनय रहांगडाले ने बताया कि इस अभियान के दौरान राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारीगण दिनांक 15 जून से 15 जुलाई 2015 के मध्य किसी भी दिन जिले की शालाओं का भ्रमण करेंगें। राज्य स्तरीय अधिकारीगण द्वारा जिले की किसी भी शाला का भ्रमण किया जा सकता है। जिले की समस्त प्राथमिक व माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों से कहा गया है कि वे शाला की सफाई, शौचालय की साफ-सफाई, समय पर शाला खुलना एवं समय पर शाला का बंद होना तथा बच्चों का नियमित रूप से शाला में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
कृषि मंत्री श्री बिसेन का 20 जून को बालाघाट आगमन
म.प्र. शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन का 20 जून को बालाघाट आगमन हो रहा है। श्री बिसेन 20 जून को जबलपुर एवं नरसिंहपुर में केन्द्रीय मंत्री श्री नीतिन गडकरी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 3 बजे करेली से बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगें और रात्री 8 बजे बालाघाट पहुंचेंगें। श्री बिसेन 21 जून को प्रात: 6.30 बजे से जिला मुख्यालय में शासकीय एम.एल.बी. स्कूल बालाघाट में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल होंगें।
डॉ. तुकडयादास वैद्य का दौरा कार्यक्रम
म.प्र. राज्य अल्प संख्यक आयोग के सदस्य डॉ. तुकडयादास वैद्य 20 जून को दोपहर 12 बजे बालाघाट से सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगें तथा दोपहर एक बजे सिवनी में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर चर्चा करेंगें । डॉ. वैद्य 21 जून को प्रात: 10 बजे से बालाघाट से लांजी के लिए प्रस्थान करेंगें और वहां पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद 22 जून को दोपहर 12 बजे बालाघाट से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगें।
अकुशल श्रमिकों की मजदूरी दर पुनरीक्षित
श्रमायुक्त म.प्र. इंदौरा द्वारा अकुशल श्रेणी के श्रमिकों को दी जाने वाली मजदूरी की दर को पुनरीक्षित किया गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने बालाघाट जिले में अकुशल श्रमिकों के लिए मजदूरी की दर निर्धारित कर दी है। जिसके अनुसार अकुशल श्रमिक को 6500 रु. प्रतिमाह या 250 रु. प्रतिदिन की दर से मजदूरी का भुगतान किया जायेगा। अकुशल श्रमिक के लिए मजदूरी की यह पुनरीक्षित दर 01 जून 2015 से प्रभावशील होगी।
बालाघाट के गुजरी क्षेत्र में कांच कटिंग व्यवसाय पर लगाई गई रोक
नगर पालिका बालाघाट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री डी.एस. परिहार ने कृष्ण मंदिर रोड, गुजरी चौक बालाघाट में बिना संवैधानिक स्वीकृति प्राप्त किये बगैर किये जा रहे कांच कटिंग व्यवसाय पर रोक लगा दी है। वार्ड नं.16 कृष्ण मंदिर रोड के पास श्री ओम भाई चौहान प्रोपा. कृष्णा ग्लास पालिस एवं इंचिंग द्वारा कांच कटिंग का व्यवसाय किया जा रहा था। जिससे इस क्षेत्र के नागरिकों को ध्वनि एवं वायु संचरण में प्रदूषण जैसी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। उक्त क्षेत्र में कांच कटिंग व्यवसाय पर रोक लगाने के साथ ही इस व्यवसाय के संचालक को आबादी क्षेत्र के बाहर अपना व्यवसाय स्थापित करने की सलाह दी गई है। वर्तमान स्थल पर कांच कटिंग का व्यवसाय निरंतर जारी रखने पर संचालक के विरूध्द म.प्र. नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 187, 232, 233, 234, 235, 246 एवं 320 के तहत संवैधानिक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
अतिथि शिक्षक के लिए 30 जून तक आवेदन पत्र आमंत्रित
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उकवा में शिक्षण सत्र 2015-16 में पूर्णत: कालखंड अनुबंधित आधार पर शिक्षकों के रिक्त पदो के विरूध्द अतिथि शिक्षकों का पैनल तैयार करने के लिए इच्छुक युवाओं से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। जीव विज्ञान समूह वर्ग-1 एवं वाणिज्य समूह वर्ग-1 में एक-एक अतिथि शिक्षक रखा जाना है। आवेदक को संबंधित विषय में द्वितीय श्रेणी में स्नातकोत्तर उपाधि धारक होना चाहिए। आवेदन आगामी 30 जून 2015 तक विद्यालय के प्राचार्य कार्यालय में जमा कराये जा सकते है।
जिले में 89 मि.मी. वर्षा रिकार्ड, कटंगी तहसील में सबसे अधिक 185 मि.मी. वर्षा
जिले में चालू वर्षा सत्र के दौरान एक जून से 19 जून 2015 तक 88.6 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 32.8 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई थी। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1447 मि.मी. है। चालू वर्षा सत्र में अब तक सबसे अधिक 185 मि.मी. वर्षा कटंगी तहसील में तथा सबसे कम 19 मि.मी. वर्षा लांजी तहसील में रिकार्ड की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें