उपेंद्र कुशवाहा हों बिहार के मुख्यमंत्री पद प्रत्याशी : रालोसपा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 21 जून 2015

उपेंद्र कुशवाहा हों बिहार के मुख्यमंत्री पद प्रत्याशी : रालोसपा


demand-upendr-kushwaha-cm
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) की कार्यसमिति की बैठक में रविवार को केंद्रीय मंत्री और रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की मांग को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया। रालेासपा के मुख्य प्रवक्ता शिवराज सिंह ने पत्रकारों को बताया कि दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से कुशवाहा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। 

उन्होंने बताया कि बैठक में यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि सितंबर-अक्टूबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में 243 विधानसभा सीटों में से रालोसपा 67 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इधर, इस प्रस्ताव के विषय में पूछे जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद अश्विनी चौबे ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भाजपा का होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार संसदीय बोर्ड तय करती है। 

उल्लेखनीय है कि राजग में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान तथा हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने पूर्व में ही मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भाजपा से होने की बात कही है। राज्य में जनता परिवार ने सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भाजपा से अपने मुख्यमंत्री पद प्रत्याशी के नाम की घोषणा जल्द करने की चुनौती दी है। 

उधर भाजपा का कहना है कि चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही राजग का चेहरा रहेंगे। पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के समय भी यही कहा था, मगर बाद में आम आदमी पार्टी (आप) की चुनौती और पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग को देखते हुए भाजपा ने आनन फानन में किरण बेदी को मैदान में उतारा था। लेकिन किरण भाजपा की नैया पार नहीं लगा सकीं। दिल्ली की जनता ने 'दिल्ली चले मोदी के साथ' नारे को बुरी तरह नकार दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं: