राजग में मुख्यमंत्री पद और सीट बंटवारे को लेकर विवाद! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 21 जून 2015

राजग में मुख्यमंत्री पद और सीट बंटवारे को लेकर विवाद!


fight-for-cm-in-bihar-in-nda
बिहार विधानसभा चुनाव में अभी भले ही देरी हो, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में मुख्यमंत्री पद और सीटों के बंटवारे को लेकर घटक दल के नेता आमने-सामने नजर आ गए हैं। राजग में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने जहां पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को मुख्यमंत्री पद का उम्माीदवार बनाने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया है, वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी गुट में शामिल पांच विधायकों को टिकट दिए जाने का विरोध करने की घोषणा की है। रालोसपा कार्यसमिति की बैठक में रविवार को केंद्रीय मंत्री और रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को मुख्यमंत्री पद का उम्माीदवार बनाने की मांग को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया है। 

रालेासपा के मुख्य प्रवक्ता शिवराज सिंह ने पत्रकारों को बताया कि दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक के अंतिम दिन सर्वसम्मति से कुशवाहा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रस्ताव भी पारित किया गया कि सितंबर-अक्टूबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में 243 विधानसभा सीटों में से पार्टी 67 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।  इधर, लोजपा के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने मांझी गुट में शामिल पांच विधायकों के खिलाफ रविवार को मोर्चा खोल दिया। 

पासवान ने पटना में कहा, "नरेंद्र सिंह सहित पांच विधायक अवसरवादी हैं। इन्होंने लोजपा से गद्दारी की है। उनकी पार्टी इन नेताओं को राजग का उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध करती है।"   इधर, पासवान के इस बयान पर मांझी ने पलटवार करते हुए कहा कि गठबंधन के अंदर घटक दलों के प्रत्याशियों के चयन की जिम्मेदारी पासवान की नहीं है।  इधर, राजग में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर उपजे विवाद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद अश्विनी चौबे ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भाजपा का होगा। भाजपा में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार संसदीय बोर्ड तय करती है। 

उल्लेखनीय है कि राजग में शामिल लोजपा के अध्यक्ष पासवान तथा हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने पूर्व में ही मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भाजपा से होने की बात कही है। अब रालोसपा की मांग भाजपा के लिए सिरदर्द बन सकती है। राजग के घटक दलों के बीच किचकिच उस समय शुरू हुई है, जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार को पटना में हैं और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। राज्य में जनता परिवार ने सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भाजपा से अपने मुख्यमंत्री पद प्रत्याशी के नाम की घोषणा जल्द करने की चुनौती दी है। 

उधर, भाजपा का कहना है कि चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही राजग का चेहरा रहेंगे। हाल ही में पार्टी नेता अनंत कुमार ने यही संकेत दिया था। पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के समय भी यही कहा था, मगर बाद में आम आदमी पार्टी (आप) की चुनौती और पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग को देखते हुए भाजपा ने आनन फानन में किरण बेदी को मैदान में उतारा था। लेकिन किरण भाजपा की नैया पार नहीं लगा सकीं। दिल्ली की जनता ने 'दिल्ली चले मोदी के साथ' नारे को बुरी तरह नकार दिया था। पार्टी यहां 'बिहार चले मादी के साथ' का नारा लगा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: