धर्मगुरू दलाई लामा शांति व संघर्ष के जीवन्त उदाहरण: मुख्यमंत्री
धर्मशाला, 22 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज तिब्बती धर्म गुरू दलाई लामा के 80वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में धर्मशाला के मकलोडगंज स्थित उनके निवास पर आयोजित समारोह में शामिल होकर उन्हें स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दलाई लामा शांति व अहिंसा के उपदेशक तथा सभी देशों की भलाई की कामना करने वाले श्रद्धेय धर्मगुरू हैं, जिसके लिए उन्हें विश्व भर में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि दलाई लामा शांति, अहिंसा व संघर्ष के जीवन्त उदाहरण हैं। दलाई लामा को तिब्बत की स्वतंत्रता के लिए उनके अहिंसात्मक संघर्ष के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दलाई लामा ने अति आक्रमणशीलता का सामना करते हुए भी हमेशा अहिंसा की नीति को आगे बढ़ाते हुए अपने मानवतावादी प्रयासों को जारी रखा है। उन्होंने कहा नोबल पुरस्कार से सम्मानित दलाई लामा विश्व भर में पर्यावरण की समस्याओं के प्रति भी सक्रिय रहे हैं। मुख्यमंत्री, दलाई लामा के जीवन एवं कृतित्व को दर्शाने वाली थांगका पेंटिंग्स की प्रदर्शनी में भी उनके साथ रहे। दलाई लामा के जन्म दिवस के अवसर पर उनके निवास स्थान पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोगों सहित विदेशी महमानों ने भी शिरकत कर उन्हें जन्म दिवस की बधाई दी। मुख्यमंत्री और दलाई लामा ने चैदहवें दलाई लामा के जीवन पर आधारित थांगका पेंटिंग्स तथा 10वें पंचेन लामा की चित्रात्मक जीवनी का विमोचन किया। दलाई लामा ने श्री वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री और दलाई लामा ने सभी दलाई लामाओं के जीवन पर आधारित जीवनी श्रृखलाओं के 10 खण्डों और निर्वासित तिब्बत सरकार के प्रधानमंत्री श्री लोबसंग संगे के जीवन पर आधारित थांगका पेंटिंग्स की पुस्तक का विमोचन भी किया। खुशी के इस अवसर पर दलाई लामा और मुख्यमंत्री ने केक भी काटा। निर्वासित तिब्बत संसद की अध्यक्ष गैरी डोलमा ने इस अवसर पर मेहमानों का स्वागत किया। केन्द्रीय धोमय कार्यकारी समिति के अध्यक्ष श्री तेनपे नगोदुप और प्रारम्भिक समिति के अध्यक्ष डा. खेनराब ग्यामत्सो ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। इस दौरान तिब्बती संस्कृति को दर्शाने वाले शानदार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोकता मामले मंत्री श्री जी.एस. बाली, बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री श्री सुजान सिंह पठानिया, वन मंत्री श्री ठाकुर सिंह भरमौरी, शहरी विकास मंत्री श्री सुधीर शर्मा सहित दलाई लामा के सैंकड़ों अनुयायी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने किया हिमानी-चामुंडा रज्जू मार्ग का शिलान्यास
धर्मशाला, 22 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज कांगड़ा जिले में चामुंडा के समीप 200 करोड़ रुपये लागत की हिमानी-चामुंडा रज्जू मार्ग परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना के लिए पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग ने स्वीकृति प्रदान की है। इस रज्जू मार्ग के बन जाने से निचले चामुंडा मन्दिर से हिमानी-चामुंडा के लिए यात्रा समय लगभग 18 मिनट का होगा, जो दो पड़ावों में बंटा होगा। शहरी विकास मंत्री श्री सुधीर शर्मा ने बताया कि प्रत्येक स्टेशन के लिए अलग से वाणिज्यिक क्षेत्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रज्जू मार्ग से संबंधित कैबिन, ड्राईव गियर्स सहित सभी घटकों का आयात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर मन्दिर में पूजा अर्चना भी की।श्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला के समीप पासु में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विपणन यार्ड एवं सब्जी मण्डी की आधारशिला भी रखी।हिमाचल प्रदेश विपणन बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुभाष मंगलेट ने कहा कि इस यार्ड में 30 दुकानों के अतिरिक्त कार्यालय तथा कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यहां दूध, अंडे और हर्बल प्लांट के विपणन के लिए ‘आउटलैट’ सुविधा उपलब्ध होगी। यहां कोल्ड स्टोर स्थापित करने का भी प्रस्ताव है।
धर्मशाला में ई-कॉमर्स जोन का शुभारम्भ स्वागत योग्य कदम: मुख्यमंत्री
धर्मशाला, 22 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज धर्मशाला में स्नैपडील ऑनलाईन पर्चेजिंग स्टोर द्वारा होटल धौलाधार में आयोजित समारोह के दौरान अपने सम्बोधन में धर्मशाला में भारत के पहले ई-कॉमर्स जोन के शुभारम्भ के लिए स्नैपडील की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि स्नैपडील ने ई-कॉमर्स जोन का शुभारम्भ करके धर्मशाला में रोजगार सृजन और उद्यमिता के अवसरों में वृद्धि के लिए यह पहल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल का अब तक पर्यटन पर आधारित रही क्षेत्र की आर्थिकी पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।वीरभद्र सिंह ने कहा कि आज तकनीकी के वृहद विस्तार के साथ ऑनलाईन व्यापार में वृद्धि हुई है तथा इससे समय की भी बचत होती है। उन्होंने कहा कि भारत में अपनी तरह का पहला ई-कॉमर्स जोन स्थानीय व्यापारियों और शहरवासियों के लिए लाभप्रद होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय आर्थिकी को मजबूती प्रदान करने वाली यह अनूठी पहल इंटरनेट आर्थिकी की व्यापक प्रगति के साथ देश के लिए विकास का एक नया मॉडल प्रस्तुत कर सकती है। श्री वीरभद्र सिंह ने स्नैपडील द्वारा हिमाचली परम्परागत हस्तकला व हथकरघा उत्पादों के लिए अलग से ऑनलाईन स्टोर की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की।मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए शहरी विकास मंत्री श्री सुधीर शर्मा के प्रयासों एवं दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि श्री शर्मा ई-कॉमर्स उद्यमिता द्वारा स्थानीय आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत हैं, जो प्रशंसनीय है।
धर्मगुरू दलाई लामा ने किया श्री वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का विमोचन
धर्मशाला, 22 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । ‘आइकन ऑफ दी ऐरा’ का धर्मगुरू दलाई लामा ने आज धर्मशाला के तिब्बतन चिल्डर्न विलेज के सभागार में विमोचन किया। स्नो लैपर्ड प्रोडक्शन के सहयोग से डा. सुनीला शर्मा द्वारा निर्मित एवं निर्देशित यह लघु फिल्म भारत की प्राचीनतम रियासतों में से एक बुशैहर रियासत का दृश्य श्रव्य दस्तावेज है। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के जीवन घटनाक्रमों को उदघाटित करने वाली इस फिल्म का तिब्बतन चिल्डर्न विलेज में प्रसारण किया गया। फिल्म के विमोचन से पूर्व डा. सुनीला शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह और धर्मगुरू दलाई लामा तथा मुख्यमंत्री के पारिवारिक सदस्यों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धर्मगुरू दलाई लामा को शांति का सन्देशवाहक करार देते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति प्रदेशवासियों के साथ देश भर के लिए गौरवमयी बात है। उनकी विनम्रता तथा गरीब व वंचित लोगों की चिंता का उनका स्वभाव प्रशंसनीय है। श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि उन्हें व सभी प्रदेशवासियों को धर्मगुरू दलाई लामा का स्नेहिल मार्गदर्शन मिलता रहा है तथा उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दलाई लामा ने जीवन में खुशी के लिए हमेशा दयाभाव को महत्व दिया है। धर्मगुरू दलाई लामा संभवत: इस बात से परिचित थे कि राजनीति में प्रसन्न रहना कठिन होता है। उन्होंने अपना जीवन गरीब लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मगुरू दलाई लामा के साथ उनके निकट संबंध तत्कालीन बुशैहर रियासत और तिब्बत की भौगोलिक स्थलाकृति की समीपता के कारण भी प्रगाढ़ हैं। उन्होंने कहा कि वह इस निकटता को अध्यात्मिक के स्तर पर ले जाने की इच्छा रखते हैं। वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक छोटा राज्य है, लेकिन बीते कुछ दशकों में यह देश का सबसे प्रगतिशील पहाड़ी राज्य बना है। प्रदेश ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक कल्याण सहित अन्य क्षेत्रों में विकास के मामले में मील पत्थर स्थापित किए हैं। इसका श्रेय प्रदेशवासियों के सहयोग को देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों ने नए प्रयोग करने तथा नए विचारों एवं सोच को कार्यान्वित करने में तत्परता दिखाई है। धर्मगुरू दलाई लामा ने इस अवसर पर कहा कि श्री वीरभद्र सिंह उनके भी मुख्यमंत्री हैं। श्री वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म का विमोचन करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने श्री वीरभद्र सिंह तथा उपस्थित सभी लोगों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि श्री वीरभद्र सिंह अपनी लोकप्रियता, ईमानदारी, सच्चाई, पारदर्शिता और लोगों के प्रति स्नेह के कारण छठी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने बुशैहर और तिब्बत के मध्य संबंधों का भी उल्लेख किया, जो सदियां बीतने के साथ और प्रगाढ़ हुए। उन्होंने कहा कि श्री वीरभद्र सिंह का जीवन एक सफल जीवन रहा है और उन्होंने जीवन पर्यन्त अच्छे कर्म किए हैं तथा उनका भविष्य भी अर्थपूर्ण एवं शांतिपूर्ण होगा। उन्होंने श्री वीरभद्र सिंह को मित्र बताते हुए उनके अर्थपूर्ण भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि भारत एक महान सभ्यता एवं लोकतांत्रिक देश है और सिन्धु घाटी सभ्यता समय से ही भारत बौद्ध भिक्षुओं और प्रशिक्षकों, महान भारतीय चिंतकों एवं संतों का घर रहा है, जिनका सन्देश आज के दौर में भी प्रासंगिक है और इन उपदेशों से आने वाली पीढ़ी को अवगत करवाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बहुत सारे वैज्ञानिक भारतीय विचार, ज्ञान एवं सिद्धांतों के अध्ययन में गहरी रूचि ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय ज्ञान तथा आधुनिक शिक्षा का मेल एक मजबूत मिश्रण है। उन्होंने कहा कि भारत में अभी भी ऐसे कई लोग हैं, जो ज्ञान विशेषकर हमारे प्राचीन ज्ञान और अवधारणाओं की जानकारी के अभाव में कष्ट व भय की अवस्था में जीवनयापन करते हैं। उन्होंने परम्परागत भारतीय ज्ञान के पुनर्जागरण और प्राचीन ज्ञान की अवधारणाओं व महत्व से आज की पीढ़ी को अवगत करवाने पर बल दिया। पूर्व सांसद और मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती प्रतिभा सिंह, उनके पुत्र एवं प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्री विक्रमादित्य सिंह, पुत्री मीनाक्षी भी इस इस अवसर पर उपस्थित थीं। तिब्बत संसद की अध्यक्ष गैरी डोलमा तथा निर्वासित तिब्बत सरकार के अन्य मंत्रीगण भी इस अवसर पर उपस्थित थे। डा. सुनीला शर्मा ने धर्मगुरू दलाई लामा और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फिल्म विश्व की प्राचीनतम रियासतों में एक तथा श्री वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित है। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने धर्मगुरू दलाई लामा और निर्वासित तिब्बत सरकार के प्रधानमंत्री डा. लोबसांग संगे को भी सम्मानित किया।
धर्मशाला को करोड़ों रुपये की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार: सुधीर शर्मा
धर्मशाला, 22 जून ( विजयेन्दर शर्मा) । शहरी विकास मंत्री श्री सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह का धर्मशाला से भारत के पहले ई-कॉमर्स जोन का शुभारम्भ करने और 200 करोड़ रुपये की हिमानी-चामुंडा रज्जू मार्ग परियोजना तथा पासु में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विपणन यार्ड के शिलान्यासों के लिए मुख्यमत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दिन धर्मशालावासियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है तथा यह गर्व की बात है कि शांति व अहिंसा के प्रतीक, नोबल पुरस्कार विजेता धर्मगुरू दलाई लामा का जन्म दिवस धर्मशाला में मनाया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह अपनी धर्म पत्नी श्रीमती प्रतिभा सिंह, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्री विक्रमादित्य सिंह और पुत्री मीनाक्षी के साथ शामिल हुए हैं। श्री शर्मा ने कहा कि यह अवसर इस लिए भी विशेष है कि क्योंकि श्री वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित लघु फिल्म ‘आइकन ऑफ एन ऐरा’ का भी दलाई लामा द्वारा विमोचन किया गया तथा श्री वीरभद्र सिंह के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को दर्शाने वाली इस लघु फिल्म को यहां ‘तिब्बतीयन चिल्डर्न विलेज’ में दिखाया गया। इससे पूर्व, स्नैपडील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री कुनाल बहल ने मुख्यमंत्री तथा अन्य मेहमानों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्नैपडील परम्परागत हिमाचली हथकरघा एवं हस्तशिल्प कला को विशेष ऑन लाईन स्टोर के माध्यम से प्रोत्साहन में मदद करेगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें