तोमर की जमानत याचिका खारिज, न्यायिक हिरासत बढ़ी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 22 जून 2015

तोमर की जमानत याचिका खारिज, न्यायिक हिरासत बढ़ी


tomar-bail-rejected-sent-to-custody
दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर के फर्जी डिग्री के मामले की प्रकृति गंभीर करार देते हुए यहां की एक अदालत ने सोमवार को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी और उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। याचिका खारिज करते हुए अतिरिक्त मुख्य महानगर दंडाधिकारी तरुण योगेश ने तोमर की न्यायिक हिरासत अवधि छह जुलाई तक बढ़ाते हुए उनसे पूछा, ".. आप हमें कब तक मूर्ख बनाएंगे।" दंडाधिकारी ने आश्चर्य जताते हुए कहा, "साधारण नागरिक के रूप में आप हमें कब तक मूर्ख बनाएंगे। आप फर्जी हलफनामा अथवा दस्तावेज तैयार नहीं कर सकते.. लोगों को कब तक ठगा जाएगा? हम अपना प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान करते हैं, लेकिन हमें बदले में मिलता क्या है।"

अदालत ने आश्चर्य जताया कि कैसे एक विधायक फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर आम आदमी को मूर्ख बना सकता है। साथ ही अदालत ने मतदान प्रणाली में नोटा (इनमें से कोई नहीं) के विकल्प को शामिल करने के सर्वोच्च न्यायलय के फैसले को सही ठहराया।दंडाधिकारी ने कहा, "सर्वोच्च न्यायालय ने नोटा के विकल्प का प्रावधान कर अच्छा किया। एक साधारण मतदाता के रूप में ईवीएम पर इस बटन को दबाकर मुझे अपार संतोष मिलता है।" तोमर ने जमानत की याचिका दायर करते हुए दलील दी थी कि उन्हें गुरुवार से शुरू होने वाले दिल्ली विधानसभा के शत्र में भाग लेना है। 

अदालत ने तोमर की जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा कि वह, एक चुने हुए विधायक होने के नाते तोमर जनप्रतिनिधि हैं और अदालत उनके खिलाफ आरोपों की गंभीरता को स्वीकारती है। उनके ऊपर वकील के रूप में पंजीकृत होने के लिए फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करने का आरोप है।  दंडाधिकारी ने अपने आदेश में कहा, "मामले में विधि परिषद अधिवक्ता के तौर पर पंजीकरण के लिए फर्जी डिग्री और दस्तावेज का उपयोग और आईपीसी की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) के आरोपों में यह मामला दर्ज है और जिन सह आरोपियों, साथियों के अपराध में सहभागिता की आशंका है, वे अब तक पकड़े नहीं गए हैं। ऐसे में तोमर को जमानत पर रिहा नहीं किया जा सकता है।"

दिल्ली पुलिस ने जमानत याचिका का विरोध किया। सरकारी अधिवक्ता अतुल श्रीवास्तव ने दावा किया कि आरोपी एक प्रभावशाली व्यक्ति है और अगर उसे रिहा किया जाता है तो वह मामले से जुड़े सबूतों को प्रभावित कर सकता है। तोमर के वकील और वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश गुप्ता ने हालांकि कहा कि मामला दस्तावेज संबंधी सबूतों पर आधारित है और इसीलिए गवाहों और जांच को प्रभावित करने की कोई संभावना नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं: