कांग्रेस अध्यक्ष का एक साल, बधाई दी
देहरादून, 23 जून (निस)। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंगलवार को बीजापुर हाउस में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को एक वर्ष के सफल कार्यकाल की बधाई दी और चैलाई के लड्डू खिलाए। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्रीक्षण समिति के अध्यक्ष प्रयाग दत्त भट्ट, मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक राजीव जैन, कांग्रेस नेता राजेन्द्र शाह सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
एमडीडीए पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने का लगाया आरोप, भाजयूमों ने एमडीडीए के खिलाफ मोर्चा खोला
देहरादून, 23 जून (निस)। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से भवनों की ऊंचाई बढ़ाने के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एमडीडीए कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्राधिकरण पर बिल्डर्स को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। मंगलवार को संगठन से जुड़े कार्यकर्ता भारी संख्या में एमडीडीए कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी भाजयूमों कार्यकर्ताओं ने कहा कि जहां एमडीडीए आम आदमी के हितों से खिलवाड़ करने में कोई कोर कसर नही कर रहा है,वहीं प्राधिकरण से पहले 21 मीटर ऊंचाई तक भवनों को बनाने की अनुमति दी जाती थी। अब इसे बढ़ाकर 30 मीटर कर दिया गया है। ऐसे में भविष्य में भूकंप की स्थिति में खतरा बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि एमडीडीए मात्र भूमाफियाओं को संरक्षण देने वाला विभाग बनकर रह गया है। विभाग का छोटे से लेकर बड़ा अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त है। जिसकी सुध लेने को राज्य सरकार भी तैयार नही है। संगठन के महानगर अध्यक्ष विपिन राणा ने कहा कि एमडीडीए अपनी कारगुजारियों से बाज नही आ रहा है। प्राधिकरण के कर्मचारी भूफाफियाओं को संरक्षण देने के हर संभव उपाए करने पर आमादा है। यह विभाग पूरी तरह से माफियाओं की कठपुतली बन गया है। आरोप लगाया कि बिल्डर्स को लाभ पहुंचने के लिए इस तरह के खेल खेले जा रहे हैं। उन्होंने भवनों की ऊंचाई पहले की तरह 21 मीटर करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग की एडवाईजरी का पालन करें डीएमः सीएम
देहरादून, 23 जून (निस)। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सचिव आपदा प्रबंधन व सभी जिलाधिकारियो को निर्देश दिए है, कि मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाईजरी का पालन करना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए सभी जिलाधिकारी समय पर सभी वैकल्पिक व्यवस्थाएं करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा किसी भी प्रकार से बाधित न हो। चारधाम यात्रा मार्ग पर संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की आशंका जताई गयी है। अतः सभी जिलाधिकारी जनपदो में सतर्कता बरतें। जनपद स्तर पर गठित आपदा प्रबंधन ईकाईयों को सक्रिय किया जाए। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति होने पर उसकी सूचना तत्काल शासन को उपलब्ध करायी जाए। मुख्यमंत्री श्री रावत ने उत्तरकाशी, चमोली, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ के जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। उन्होंने इन जनपदों में आपदा कंट्रोल रूम तथा आपदा प्रबंधन समितियां तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री नेे लोक निर्माण विभाग को वर्षा काल में बाधित होने वाले मार्गों पर संवेदनशील स्थान चिन्ह्ति करते हुए पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए है।
सीएस ने वित्तीय समावेश एवं सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं की समीक्षा
देहरादून, 23 जून (निस)। मुख्य सचिव एन. रविशंकर ने मंगलवार को सचिवालय में वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों मंे वित्तीय समावेश एवं सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना तथा अटल पेंशन योजना की प्रगति की समीक्षा की। वित्तीय समावेश को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों को लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु प्रेरित करने को कहा। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और शासन के आला अधिकारियों को एक ‘डेवलपमेण्टल व्हाट्स एप गु्रप‘ बनाकर आपस में निरन्तर सम्पर्क में रहने को कहा। रविशंकर ने कहा कि सभी वरिष्ठ अधिकारी व्हाट्स एप के माध्यम से ग्रुप बनाकर विभिन्न महत्वपूर्ण शासनादेशों, निर्णयों, योजनाओं और उपलब्धियों को साझा करें। इसके लिये उन्होंने शासन में सचिव अमित नेगी और जनपद स्तर पर डी.एम. देहरादून रविनाथ रमन को जिम्मेदारी दी। मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में आने वाली योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि अधिकांश जनपदों में जनधन योजना के अन्तर्गत निर्धारित लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा योजना तथा अटल पेंशन योजना में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिये ब्लाॅक स्तर पर शिविर भी आयोजित किये जा रहे है। बैठक में जनपदों में आधार कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा भी हुई। कई जिलाधिकारियों द्वारा आधार कार्ड बनाने वाली संस्था की शिकायतों पर गंभीर रूख अपनाते हुए सचिव अमित नेगी ने राज्य स्तरीय समन्वयक शुभाजीत भट्टाचार्य को कार्य प्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय समन्वयक सभी जिलाधिकारियों को उनके जनपदों में काम कर रही टीमों का पूर्ण विवरण प्रेषित करें, जिससे उनका सत्यापन कराया जा सके। बैठक में अपर सचिव श्रीधर बाबू अदांकी, रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया तथा राज्य स्तरीय लीड बैंक के अधिकारी सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।
भाजपा ने सीबीआई जाॅच की माॅग को लेकर निकाली पदयात्रा, आपदा घोटाले को लेकर भाजपा सड़क पर
देहरादून, 23 जून (निस)। आपदा घोटाले की सीबीआई जाॅच करने तथा हरीश रावत सरकार को बर्खास्त करने की माॅग को लेकर भाजपा ने आज जौलजीबी से धारचूला तक पदयात्रा निकाली। भाजपा के सैकडों कार्यकताओं के साथ आपदा प्रभावितों ने पदयात्रा में भाग लिया। 30किमी की पदयात्रा में आपदा घोटाला करने वाली हरीश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कई स्थानों में पदयात्रा के स्वागत के लिए लोगों की लम्बी लाइन खडी रही। घोटाला करने वाले काॅग्रेसियों को जेल की सलाखों में पहुॅचाने के बाद ही पदयात्रा का समापन किया जायेगा। भाजपा कार्यकताओं ने मुख्यमंत्री की विधान सभा में आपदा घोटाले को जनता की अदालत मेें ले जाने का ऐलान भी किया। जौलजीबी में सैकडों की संख्या में जमा हुए भाजपा कार्यकताओं की पदयात्रा भाजपा जिलाध्यक्ष खुशाल सिह भण्डारी तथा भाजपा विधायक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विशन सिंह चुफाल के नेतृत्व में पदयात्रा शुरू की। यात्रा जौलजीबी से षुरू होकर डुंगातोली, बलुवाकोट, घाटीबगड़, छारछुम,नया बस्ती, कालीका, गोठी, निगांलपानी होते हुए धारचूला पहुॅची। पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकताओं ने मुख्यमंत्री हरीश रावत के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि वर्श 2013 की आपदा में घोटाला करने वाली काॅग्रेस सरकार को अपनी कुर्सी पर बने रहने का नैतिक अधिकार भी नहीं है। पदयात्रा का जगह-जगह पर स्वागत करते हुए कार्यकताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आग उगली। विभिन्न स्थानों पर आयोजित सभाओं में भाजपा विधायक विशन सिह चुफाल ने कहा कि दो वर्ष पूर्व आयी आपदा में घोटाले की आशंका पूर्व से ही भाजपा द्वारा व्यक्त की गयी थी। सीएजी (केग)की रिर्पोट में आपदा घोटाला प्रमाणित हो चुका है। घोटाले की सीबीआई जाॅच कराने की जगह मुख्यमंत्री अपने मुख्य सचिव से जाॅच कराने की बात कह कर जाॅच को दबाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री के संरक्षण में काॅग्रेसी नेता इस आपदा से मालामाल हो रहे हैं और अभी तक पात्र आपदा प्रभावितों को मुआवजा तक नहीं मिल पाया है। जबकि काॅग्रेसी नेताओं ने फर्जी प्रमाण के आधार पर एक ही परिवार के कई सदस्यों को मुआवजा और पुर्नवास दिला दिया। इस कारण से सैकडों आपदा प्रभावित आज भी राहत और पुर्नवास के लिर दर-दर की ठोकरे खा रहे हैं। चुफाल ने कहाॅ कि मुख्यमंत्री की विधान सभा में भी आपदा के राशन, राहत राशि, मुआवजा और पुर्नवास की बन्दर बाॅट की गई है। इन घोटालों पर लागातार पर्दा डाला जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष खुशाल सिह भण्डारी ने कहा कि प्रथम चरण में 30 किमी की पदयात्रा की गयी है। जब तक घोटाले बाज काॅग्रेसियों को जेल नहीं हो जाती है तब तक यह अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर भण्डारी ने कहा कि इसके बाद कई चरणों मे पदयात्रा निकाली जायेगी। घर-घर जाकर आपदा घोटाले की हकिकत आम जनता को बताया जायेगा। इस मौके पर भाजपा विधायक विशन सिह चुफाल, जिलाध्यक्ष खुशाल सिह भण्डारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिह नेगी, जिलाउपाध्यक्ष रूकम सिह बिष्ट, जिलाप्रवक्ता जगत मर्तोलिया, खुशाल सिह पीपलिया, भीम सिह रावत, मण्डल अध्यक्ष ओम कापडी़, हरीश गुनज्याल, धन सिह धामी, अशोक सिह नबियाल, लीला बनग्याल, हीरा बौनाल, लीला कुॅवर, जिलापंचायत सदस्य अमर चन्द सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे।
पछवादून मे आरटीओ के दो चेहरे, आरटीओ की कार्यवाही के बाद ई-रिक्शा चालक ने की खुदकुशी
- जौनसार मे दौड रहे बिना रजिस्ट्रेशन के चैपहिया वाहन
देहरादून, 23 जून (निस)। राजधानी देहरादून की विकासनगर तहसील के ढालीपुर मे क्षेत्र की जनता को लाभ पहुॅचाने के लिए आरटीओ कार्यालय खोला गया था। समय बीतने के साथ ही यहाॅ पर भी आर0टी0ओ0 की कार्यशैली पर सवाल खडे होने लगे है। विदित हो कि जनता की माॅग के अनुरुप राज्य सरकार ने ढालीपुर मे एक परिवाहन कार्यालय का निर्माण करवाया था, जहाॅ एक अलग आर0टी0ओ0 को तैनात किया गया था। आर0टी0ओ0 के द्वारा समय समय पर चैकिग अभियान भी चलाया जाता रहा, पर यह अभियान केवल ई-रिक्शा के चालान करने व सीज करने की कार्यवाही तक ही सीमित रहा। पिछले लम्बे समय से वह अपने इसी कार्य को लेकर सुर्खियो मे है। इसी बात को लेकर आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक ई-रिक्शा चालक ने सोमवार की रात मे सेलाकुई क्षेत्र मे घर पर ही खुदकुषी कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। आर0टी0ओ0 के द्वारा किस प्रकार से अपने कार्यो को अंजाम दिया जाता रहा है इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब बाजार चैकी इन्चार्ज राजेन्द्र रौतेला ने चैकिग के दौरान एक महिन्द्रा बोलेरो को रोका, माॅगे जाने पर जब वाहन चालक ने कागजात घर पर होने की बात कही तो शक होने पर सख्ती बरतने पर उसने बताया कि वाहन का अभी तक रजिस्टेªशन ही नही करवाया गया है। आखिर आठ माह बीत जाने के बाद भी यह वाहन किस तरह से विकासनगर मे आता जाता रहा है इस की भनक आर0टी0ओ0 को क्यों नही लगी यह भी एक गम्भीर विषय है। पकडे गये वाहन के ड्राईवर मुकेश पुत्र प्रेम दत्त निवासी ग्राम बाडो थाना कालसी ने बताया कि उक्त वाहन बलदेव सिंह पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम गासकी थाना कालसी का है जो कि अभी तक एएफ की नं0 प्लेट लगाकर ही चलाया जा रहा था। इससे साफ है कि आरटीओ के द्वारा किस कदर आम जनता को तंग कर इन वाहन स्वामियो से साठ-गाॅठ कर उनके वाहनो को बिना किसी कागजात के सडको पर दौडने दिया जा रहा है।
योग के साथ-साथ पर्यावरण शिक्षा भी हो स्कूली पाठ्यक्रम में शामिलः स्वामी चिदानन्द सरस्वती
- योग को स्कूली शिक्षा से जोड़ने पर मानव संसाधन विकास मंत्री को दी बधाई
- उत्तराखण्ड के शिक्षा मंत्री ने ‘शुद्ध जल-शुद्ध फल’ योजना को स्कूलों से जोड़ने हेतु दी सहमति
देहरादून, 23 जून (निस)। परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष तथा गंगा एक्शन परिवार के प्रणेता स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी द्वारा सोमवार को एनसीईआरटी तथा बी.एड., एम.एड. को योग पाठ्यक्रम से जोड़ने पर बधाई दी। स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने भारत सरकार के इस कदम को सराहनीय व क्रान्तिकारी बताया, केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री से विगत दिनों हुई वार्ता के बारे में स्वामी ने कहा कि योग से जहाँ हमारा शरीर, मन शुद्ध होगा। साथ ही स्कूली पाठ्यक्रम में स्वच्छता तथा पर्यावरण शिक्षा को भी शामिल करने का सुझाव दिया, पर्यावरण व स्वच्छता से वातावरण स्वच्छ व शुद्ध होगा। गन्दगी में न योग सफल होगा न कोई शिक्षण,गन्दगी और बन्दगी दोनों साथ-साथ नहीं हो सकते हैं,यदि बंदगी को चुनना है तो गन्दगी से निजात पानी ही होगी। स्वामी ने इस सम्बन्ध में उत्तराखण्ड के शिक्षा एवं पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी से भी वार्ता करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता व पर्यावरण को भी स्कूली पाठ्यक्रम में अनिवार्य रूप से जोड़ा जाये। यदि स्वच्छता व पर्यावरण को स्कूली पाठ्यक्रम से जोड़ा गया तो यह संस्कार बच्चों में प्रवेश करेंगे, बच्चों के माध्यम से घरों में प्रवेश करेंगे और घरों से आने वाली पीढि़यों तक पहुँचेंगे। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से हम नदी-पर्यावरण के प्रति जागरुकता,उनके संरक्षण के गुर सीखेंगे,इनकी रक्षा हेतु तत्पर होंगे। इससे हम अपनी प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा करने में समर्थ होंगे साथ ही अपने जल, जंगल, जमीन और पेड़, पहाड़ और प्रकृति को संभाल पायेंगे। गंगा एक्शन परिवार-परमार्थ निकेतन द्वारा बनाई गयी ‘‘शुद्ध जल-शुद्ध फल योजना’’ को उत्तराखण्ड के शिक्षा एवं पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने पूरे उत्तराखण्ड के स्कूलों में शामिल करने की सहमति दी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें