अजा एवं अजजा के मेघावी छात्रों को कोचिंग के लिए 22 जुलाई तक आवेदन पत्र आमंत्रित वर्चुअल क्लास के माध्यम से दी जायेगी कोचिंग
- छात्र-छात्राओं के चयन के लिए 26 जुलाई को होगी परीक्षा
कमजोर एवं गरीब वर्ग के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कक्षा 11 वीं एवं 12 वीं के छात्र-छात्राओं को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश दिलाने के लिए उन्हें कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल की पहल पर आदिवासी विकास विभाग द्वारा इसके लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के कमजोर एवं गरीब परिवारों के बच्चों को आई.आई.टी. एवं मेडिकल कालेज में प्रवेश के लिए उपयुक्त वातावरण एवं जरूरी तैयारी कराने के लिए कलेक्टर श्री किरण गोपाल के मार्गदर्शन में कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के मेघावी छात्र-छात्राओं को आदिवासी विकास विभाग की ओर से नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जायेगी।
देश के प्रतिष्ठित संस्थान देंगें कोचिंग
देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आई.आई.टी., इंजीनियरिंग कालेज एवं मेडिकल कालेज में बालाघाट जिले के अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के मेघावी छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिल सके इसके लिए कोटा(राजस्थान) में संचालित प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान से अनुबंध किया गया है। कोटा के कोचिंग संस्थान द्वारा आनलाईन वर्चुअल क्लास के माध्यम से इन छात्र-छात्राओं को जे.ई.ई. एवं आल इंडिया पी.एम.टी. की कोचिंग दी जायेगी।
22 जुलाई तक कराना होगा पंजीयन
वर्चुअल क्लास के माध्यम से अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के मेघावी छात्र-छात्राओं के चयन के लिए आगामी 26 जुलाई 2015 को जिले के सभी विकासखंड मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालयों में परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा में अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के कक्षा 11 वीं एवं 12 वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्रायें शामिल हो सकते है। परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र-छात्रायें आगामी 22 जुलाई 2015 तक अपने विकासखंड के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में अपना पंजीयन करा सकते है। सभी विकासखंडों के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन करने वाले छात्रों का पंजीयन करें। 23 जुलाई को प्रात: 11 बजे से कलेक्ट्रेट कार्यालय में इस संबंध में सभी प्राचार्यों की बैठक का भी आयोजन किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें