पश्चिमी दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके में शनिवार रात एक चार मंजिला इमारत ढह गई। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाएं भी शामिल हैं। कुछ लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है। नौ घायलों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां और NDRF की टीमें मौके पर बचाव के काम में लगी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि मस्जिद ख्याला इलाके में सी ब्लॉक के करीब स्थित इस बिल्डिंग के पास में ही बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था। इस वजह से नींव कमजोर हो गई और यह बिल्डिंग गिर गई। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें रात 9 बजे के आसपास मिली। ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस दीपेंद्र पाठक ने बताया कि कुछ लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। उन्हें करीब के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आप एमएलए जरनैल सिंह ने हादसे के लिए एमसीडी (म्युनिसिपल कॉर्पोशन ऑफ दिल्ली) को जिम्मेदार ठहराया है। तिलक नगर से एमएलए सिंह ने कहा, '' ये एमसीडी का करप्शन है। लोगों की जिंदगियों से खेला जा रहा है। इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी। यह सुनिश्चित करना एमसीडी की जिम्मेदारी है कि इमारतें बनाने से पहले इससे जुड़े कानूनों का पालन हो। इस घटना में भी अगर कोई चूक हुई है तो इसके लिए एमसीडी जिम्मेदार है।'' बता दें कि एमसीडी पर बीजेपी का शासन है। एमसीडी ने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें