अमरनाथ जाने वाले रास्ते में बुधवार को सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) की गाड़ी को निशाना बना कर ग्रेनेड से हमला हुआ। हमलावरों ने अनंतनाग-पहलगाम रोड पर इस वारदात को अंजाम दिया, जहां से होकर अमरनाथ यात्री गुजरते हैं। हमले में कुल आठ लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें 4 सीआरपीएफ के जवान हैं। मौके पर सीआरपीएफ और पुलिस के जवान पहुंच चुके हैं। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि पंजाब के गुरदासपुर में सोमवार को हमले के बाद अमरनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं पर हमले की आशंका व्यक्त की गई थी। फिलहाल किसी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं है। अनंतनाग में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा हमला है। इससे पहले 25 जुलाई को भी हमलावरों ने ग्रेनेड फेंका था जिसमें एक आईसक्रीम वेंडर की मौत हो गई थी और पांच घायल हो गए थे।
इधर, पाकिस्तान ने सीमा पर एक बार फिर सीजफायर तोड़ा है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार की सुबह 11.40 बजे पाकिस्तान के सैनिकों ने कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में फायरिंग की। बताया जा रहा है कि सीमा पर तैनात आर्मी के जवानों ने भी जवाब में गोलियां चलाईं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें