सीमा पर गोलीबारी को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव के बीच पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कहा है कि दोनों देशों में इच्छाशक्ति हो तो विवादों को सुलझाया जा सकता है। ईद के मौके पर दिल्ली की फतहपुरी मस्जिद के ईमाम से मुलाकात करने पहुंचे बासित ने कहा कि रिश्ते सुधारने के लिए दोनों देशों में इच्छाशक्ति होना बेहद जरूरी है। हालांकि बासित के इस बयान के कुछ वक्त बीतने के बाद ही जम्मू के पुंछ सीमावर्ती क्षेत्र में पाकिस्तान की तरफ से फिर से गोलीबारी की खबरें आईं।
ईमाम से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बासित ने कहा कि दोनों देश गरीबी, अशिक्षा और बीमारियों से जूझ रहे हैं। अगर दोनों देश इच्छाशक्ति जाहिर करें तो कोई वजह नहीं है कि दोनों देशों के रिश्तों को सुधारा नहीं जा सके। बासित ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा से दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने के पक्ष में रहा है। पिछले कुछ दिनों से सीमा पर हो रही गोलीबारी के बाद भारत ने सख्त चेतावनी भी दे चुका है जिससे दोनों देशों के रिश्तों में तनाव कुछ बढ़ा है। दोनों देशों के बीच वीजा को लेकर भी तनाव चल रहा है। दोनों ही देशों ने एक दूसरे के राजनयिकों को वीजा नहीं देने के आरोप लगाए हैं। भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने उसके 12 अधिकारियों को वीजा देने से इनकार कर दिया है जिसमें एक नौसेना अधिकारी भी शामिल है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें