जन्म तथा मृत्यु पंजीयन करें आॅनलाईन दर्ज-अपर मुख्य सचिव
- सोशल मेपिंग करके बनाए विक्रेन्दीकृत वार्षिक योजना-श्रीमती पाण्डेय
पन्ना 29 जुलाई 15/वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जन्म मृत्यु के पंजीयन तथा विक्रेन्दीकृत कार्ययोजना के संबंध में अपर मुख्य सचिव श्रीमती अजिता वाजपेयी पाडेण्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्म तथा मृत्यु की प्रत्येक घटना को 14 अगस्त तक शत प्रतिशत आॅनलाईन दर्ज करें। इसके लिए जिला चिकित्सालय, नगरीय निकायों तथा ग्राम पंचायतों को पासवर्ड तथा यूजर आईडी की जानकारी उपलब्ध कराए। उन्हें आॅनलाईन पंजीयन की पूरी जानकारी दें। वर्तमान वर्ष में जो पंजीयन आफलाईन दर्ज हुआ है उसे भी आॅनलाईन दर्ज कराए। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि हरवर्ष आमजनता से सुझाव तथा मांगे प्राप्त करके उसके आधार पर विक्रेन्दीकृत कार्ययोजना बनाई जाती है। इस अभिनव पहल को देश में सराहना मिलने के साथ मध्य प्रदेश को पुरस्कृत किया गया है। विभिन्न विभागों को प्राप्त मांगे आॅनलाईन दर्ज की गई है। प्रदेशभर में दर्ज 12 लाख से अधिक मांगों में से 6 लाख की पूर्ति की जा चुकी है। सभी कलेक्टर कार्यालय प्रमुखों की बैठक लेकर उन्हें विक्रेन्दीकृत योजना के संबंध में निर्देश दें। प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा नगरीय निकाय के वार्डो में आमजनता से चर्चा करके सुझाव प्राप्त करने के लिए तकनीकी दल तैनात करें। इसमें स्थानीय कर्मचारी शामिल करें। सोशल मेपिंग तथा उपलब्ध संसाधनों की मेपिंग करके उसके आधार पर कार्ययोजना बनाए। इसमें सामाजिक अंकेक्षण तथा जेण्डर बजटिंग का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कई जिलों में आॅनलाईन विभागवार जो गतिविधियां दर्ज हैं उनमें से अधिकांश में अब तक कोई कार्यवाही नही हुई है। इनका परीक्षण करके आमजनता की मांग तथा उनकी उपयोगिता के आधार पर जानकारी दर्ज करें। ग्रामवासियों से चर्चा करके तथा स्वतंत्रता दिवस में आयोजित विशेष ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित करने बाद ही मांग को शामिल करें। विकेन्द्रीकृत कार्ययोजना बनाने के लिए जिला तथा विकासखण्ड स्तर पर अधिकारियों को प्रशिक्षण दें। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत तथा जिला पंचायत में तैयार कार्ययोजना के अंतिम प्रस्तावों पर चर्चा जिला योजना समिति की बैठक में की जाएगी। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि कार्ययोजना बनाते समय सहभागी विकास तथा वास्तविकताओं के आधार पर प्रावधान करें। जेण्डर बजटिंग करते समय महिला सशक्तिकरण तथा जनसंख्या में महिलाओं के अनुपात का ध्यान रखें। उन्होंने विकेन्द्रीकृत वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर शिवनारायण सिंह चैहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला तथा संबंधित अधिकारियों ने इसमें भाग लिया।
स्वतंत्रता दिवस तैयारी बैठक 3 अगस्त को
पन्ना 29 जुलाई 15/स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त की रूपरेखा एवं कार्यक्रमों की तैयारी के संबंध में 3 अगस्त को प्रातः 10.30 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। कलेक्टर शिवनारायण सिंह चैहान ने समस्त कार्यालय प्रमुख तथा बैठक से संबंधितों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बीमा योजना के लक्ष्यों की पूर्ति 14 अगस्त तक करें-आयुक्त श्री अग्रवाल
पन्ना 29 जुलाई 15/कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र में आयोजित टेली कान्फ्रेसिंग में आयुक्त संस्थागत वित्त श्री विवेक अग्रवाल ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लक्ष्यों की पूर्ति 14 अगस्त तक अनिवार्य रूप से करें। इसके लिए आवश्यक होने पर विशेष अभियान चलाए। यदि हमने समय सीमा में हितग्राही को बीमा योजना से जोड दिया तो उसे नाममात्र के प्रीमियम पर 2 लाख रूपये का दुर्घटना बीमा का लाभ मिलेगा। इसके लिए कलेक्टर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार रणनीति बनाकर लक्ष्यों की पूर्ति कराए। इसमें यदि बैंक अधिकारी किसी तरह की कठिनाई बताते है तो तत्काल अवगत कराए। प्रदेश को जो लक्ष्य दिया गया है उसे 14 अगस्त तक हरहाल में पूरा करना है। उन्होंने कहा कि कई जिलों में जिला प्रशासन ने विशेष प्रयास करके बडी संख्या में बीमा सुरक्षा योजना के आवेदन पत्र बैंक शाखाओं में जमा किए हैं। शाखा प्रबंधक प्रत्येक आवेदन पत्र की पावती दें तथा इन्हें बीमा योजना से लाभान्वित करें। यदि इसमें किसी तरह की तकनीकी समस्या है तो वरिष्ठ बैंक अधिकारियों को अवगत कराए। बैंकर्स अपने बिजनेस करेस्पाडेंट को नियमित रूप से वेतन का भुगतान करें। जिससे खाता खोलने की कार्यवाही में कोई वाधा न आए। प्रधानमंत्री जनधन योजना के सभी खातों में रूपये डेविड कार्ड का वितरण करने के साथ इनके हितग्राहियों को प्रधानमंत्री बीमा योजना से लाभान्वित कराए। इस अभियान में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों तथा बैंक शाखा प्रबंधकों को सम्मानित किया जाएगा। वीडियो कान्फ्रेसिंग में भाग लेते हुए कलेक्टर शिवनारायण सिंह चैहान ने कहा कि पन्ना जिले को 4 लाख 10 हजार 477 का लक्ष्य दिया गया है। इसके विरूद्ध प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 2 लाख 65 हजार 155 आवेदन पत्र बैंक शाखाओं में दर्ज करा दिए गए हैं। शेष खाता धारकों को एक सप्ताह में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से लाभान्वित करने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसबीआई के कियोस्क से खाता खोलने में 20 रूपये की राशि ली जा रही है तथा जिले के कल्दा पठार क्षेत्र में 60 किलो मीटर के परिधि में बैंकिंग की सुविधा नही है। इस संबंध में आयुक्त श्री अग्रवाल ने कहा कि बैंक खाता खोलने में किसी तरह की राशि नही ली जाती है। जीरो बैलेंस पर खाते खोले जा रहे हैं। अग्रणी बैंक प्रबंधक इस संबंध में तत्काल निर्देश जारी करें। उन्होंने कहा कि जिन दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग तथा इन्टरनेट की सुविधा नही है उनके संबंध में तत्काल रिपोर्ट भेजे जिससे आवश्यक कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के साथ साथ जीवन ज्योति योजना तथा अटल पेंशन योजना से भी खाता धारकों से स्वैच्छा से आवेदन भरवाए। दुर्घटना की स्थिति में किसी खाता धारक के परिजनों को 2 लाख की सहायता मिलना बहुत बडी सुविधा है। अब तक प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से लाभान्वित व्यक्तियों की सफलता की कहानी प्रकाशित कर इसका प्रचार प्रसार करें। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर बैंक शाखाओं को भेजे गए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के आवेदन पत्रों की जानकारी उपलब्ध कराए। शीघ्र ही सभी प्रमुख बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक जिलों का भ्रमण करके इस कार्य की समीक्षा करेंगे। कार्यक्रम में एडीएम अनिल खरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला, प्रभारी अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री सेठ तथा सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
आत्मा परियोजना की बैठक स्थगित
पन्ना 29 जुलाई 15/परियोजना संचालक आत्म किसान कल्याण तथा कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आत्म परियोजना की बैठक 30 जुलाई को आहुत की गई थी। अपरिहार्य कारणों से बैठक स्थगित की गई है। बैठक आयोजन के संबंध में पृथक से तिथि निर्धारित की जाएगी।
शौचालय निर्माण के लिए 3 लाख की राशि जारी
पन्ना 29 जुलाई 15/निर्मल भारत अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को अपने आवासों में शौचालय निर्माण कर लेने पर 12 हजार रूपये की राशि प्रदान की जाती है। यह राशि उनके बैंक खाते में प्रदान की गई है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने बताया कि जनपद पंचायत पन्ना की ग्राम पंचायत गुखौर के बृजमोहन, सतेया बसोर तथा हल्के कुशवाहा को राशि जारी की गई है। ग्राम पचंायत रानीगंजपुरवा के रतू चैधरी, भूपत, रामदीन चैधरी, हरीलाल चैधरी तथा फूलचन्द्र वर्मा को राशि जारी की गई है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत गौरा के रामनरेश पटेल, सुरेन्द्र पटेल, ग्राम पंचायत सिलगी के किशोरीलाल पाल, राजाराम पाल, तिरसिया पाल, ग्राम पंचायत सिलधरा के असुन कुमार यादव, धनीराम यादव, जयराम यादव, कमता प्रसाद, केशचन्द्र यादव, प्रेमभईया यादव तथा शिवराम यादव को राशि जारी की गई है। ग्राम पंचायत कुडार के रामचरण, पुरूषोत्तम सिंह, सुरेश शंकर यादव, नारायण तथा रामस्वरूप यादव को राशि जारी की गई है।
डेंगू की रोकथाम के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
पन्ना 29 जुलाई 15/जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. डी.पी. गुप्ता द्वारा बताया गया कि डेंगू रोकथाम एवं उपचार के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने आम आदमी से अपील करते हुए कहा है कि डेंगू की बीमारी से संबंधित लक्षण जैसे तेज बुखार आना, शरीर में खून की कमी, शरीर पर लाल चतक्के, जोडों में दर्द होने की दशा में मलेरिया कार्यालय पन्ना में स्थापित नियंत्रण कक्ष में सम्पर्क करें। नियंत्रण कक्ष में दूरभाष क्रमांक 07732-250105 स्थापित किया गया है। इसके अलावा जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. गुप्ता के मो. नं. 9425420772 पर भी सूचित कर सकते हैं। इस बीमारी से संबंधित सूचना मिलने पर नियंत्रण की कार्यवाही तत्काल की जा सकेगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें