बिहार की राजधानी पटना में प्रो कबड्डी लीग सीजन-2 के पटना चरण का आगाज गुरुवार को होगा। पटना चरण का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। पटना में चार दिनों तक चलने वाले इस चरण में कुल सात मैच खेले जाएंगे। सभी मैच पाटलिपुत्र स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में दूधिया रोशनी में खेल जाएंगे। बिहार कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय ने बताया कि मैचों के सफल आयोजन के लिए पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि दो अगस्त तक चलने वाले इस चरण में कुल सात मैच खेले जाएंगे। इनमें से चार मैचों में पटना की टीम शिरकत करेगी। गुरुवार को पहला मैच रात आठ बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें पटना पायरेट्स और तेलुगू टाइटंस की टीमें आमने-सामने होंगी।
शुक्रवार को पहला मुकाबला तेलुगू टाइटंस और बेंगलुरू वुल्स के बीच तथा दूसरा मुकाबला पटना पायरेट्स और दिल्ली दबंग के बीच होगा। उसके अगले दिन शनिवार को दिल्ली दबंग और यू मुंबा तथा पटना पायरेट्स और पुनेरी पलटन के बीच मैच होगा। अंतिम दिन दो अगस्त को पुनेरी पलटन और जयपुर पिंक पैंथर्स तथा पटना पायरेट्स और बंगाल वारियर्स के बीच बीच मुकाबला होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें