उत्तर प्रदेश में कथित रूप से चुनावी रंजिश को लेकर सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के एक स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सपा का स्थानीय नेता विनय चौबे (38) कल शाम मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाजार से घर जा रहा था. रास्ते में भवानीपुर चट्टी के पास नहर के किनारे घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसे ताबड़तोड़ पांच गोलियां मार दीं.
उन्होंने बताया कि गोलियां लगने से चौबे गम्भीर रूप से जख्मी हो गया. उसे स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. चौबे के साथियों के मुताबिक उसकी हत्या चुनाव की रंजिश को लेकर की गयी है. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके तफ्तीश शुरू कर दी है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें