पंजाब के गुरदासपुर जिले में कल जिन तीन आतंकवादियों ने हमला किया था, उन्हें मौत के घाट उतारे से जाने से पहले एक सीसीटीवी कैमरे में उनकी तस्वीरें कैद हो गई थीं. आज वह सीसीटीवी फुटेज सामने आई है जिसे इस हमले के मामले में काफी अहम माना जा रहा है .
करीब 14 सेकंड के वीडियो फुटेज में तीन लोग नजर आ रहे हैं जिन्होंने थलसेना की वर्दी पहन रखी है . उनकी पीठ पर बड़े-बड़े बैग हैं और वे ‘एके’ राइफलों से लैस नजर आ रहे हैं . वे कल सुबह 4:55 मिनट पर सड़क पर चलते नजर आ रहे हैं .
गुरदासपुर के एसएसपी जी एस तूर ने आज बताया कि दीनानगर इलाके के तारागढ़ की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में ये तस्वीरें उस वक्त कैद हुईं जब तीनों आतंकवादी पाकिस्तान से लगी सीमा के पास बसे इस शहर में दाखिल हुए . तूर ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आतंकवादियों ने एक मिनी ट्रक के ड्राइवर से उसकी गाड़ी छीनने की कोशिश की थी और फिर एक चलती बस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी .
अपनी मारूति कार में सब्जियां खरीदने के लिए बाजार की तरफ जा रहा एक शख्स उनका निशाना बना. कार मालिक कमलजीत सिंह ने कहा कि आतंकवादियों ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला और सड़क पर फेंक दिया .
पंजाब पुलिस ने दीनानगर पुलिस थाना परिसर के पास से जब्त किए गए दो ग्रेनेडों को आज सुबह निष्क्रिय कर दिया . कल हुए हमले में एक एसपी सहित सात लोग मारे गए. कल आतंकवादियों और पंजाब पुलिस के बीच करीब 12 घंटे तक मुठभेड़ चली थी .

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें