विदिशा (मध्यप्रदेश) की खबर (14 जुलाई) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 14 जुलाई 2015

विदिशा (मध्यप्रदेश) की खबर (14 जुलाई)

मौके पर 120 आवेदनों का निराकरण

कलेक्टर श्री एमबी ओझा के द्वारा आहूत आज जनसुनवाई कार्यक्रम में उनके समक्ष 163 आवेदकों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए जिसमें से मौके पर 120 आवेदनों का निराकरण उनके द्वारा किया गया है। शेष लंबित आवेदनों पर समय सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए गए। 

जाँच
शमशाबाद तहसील के ग्राम धोबीखेड़ा के अनेक आवेदकों ने अवगत कराया कि ग्राम में कन्या मीडिल स्कूल भवन का निर्माण हाल ही में कराया गया है जिसकी छत गिर गई है। दीवारो में दरारें आ गई है। छत के गिर जाने से स्कूल में अध्यापन कार्य नही हो रहा है। उक्त आवेदन को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री ओझा ने जांच कराने के निर्देश दिए वही संबंधित उपयंत्री के खिलाफ निलंबन का प्रस्ताव प्रस्तुत करने की हिदायत दी है। 

आश्रम बना सहारा
नीमताल निवासी बुर्जुग दम्पति श्री बृजलाल अहिरवार और उनकी पत्नी श्रीमती इमरतीबाई ने अपनी पीड़ा कलेक्टर को बताई उन्होंने कहा कि उनका पुत्र कमल सिंह नशे का आदी है आए दिन माँ-बाप से मारपीट करता है, खाने को नही देता है। कलेक्टर श्री ओझा ने बुजुर्ग दम्पति से कहा कि वे आश्रम मंे रहना चाहते है क्या, उनकी सहमति मिलने पर तत्काल नगर के श्री हरिवृद्वाश्रम में बुजुर्ग दम्पति की व्यवस्था की गई है वही उनका पुत्र कमल सिंह के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश उन्होंने एसडीएम को दिए। त्योंदा तहसील के ग्राम सुमेरदांगी निवासी श्री चिरोंजीलाल ने बताया कि उनका पुत्र हरनाम की मृत्यु सड़क दुर्घटना में हो गई है। आर्थिक सहायता का प्रकरण त्योंदा तहसील में लंबित है। उक्त प्रकरण के मामले में त्योंदा तहसीलदार से संवाद स्थापित किया गया और प्रकरण शीघ्र ही जिला कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। आवेदक को अवगत कराया गया कि सड़क दुर्घटना में किसी की मृत्यु हो जाती है तो मृतक के आश्रित को आरबीसी के प्रावधानों के तहत बीस हजार रूपए की आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाती है। मुखर्जीनगर के निःशक्त श्री गोकुल ने बताया कि उन्हें निःशक्तता पेंशन नही मिल रही है। उक्त प्रकरण में शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पीलूखेडी के रहवासियों ने बताया कि गांव का आम रास्ते पर अतिक्रमण कर लिया गया है जिससे आवागमन में असुविधा हो रही है इसी प्रकार ग्राम बामोरिया के आवेदकों ने बताया कि ग्राम के सार्वजनिक चबूतरे पर अन्यत्र व्यक्तियों द्वारा कब्जा कर लिया गया है जिस कारण से चबूतरे का सार्वजनिक कार्यक्रमों में उपयोग नही कर पा रहे है। उक्त दोनो प्रकरणों में संबंधित तहसीलदारों को निर्देश दिए गए कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शीघ्र सम्पादित की जाए। अनेक आवेदकों ने सीमांकन कराए जाने के आवेदन प्रस्तुत किए। उन्हें अवगत कराया गया कि मशीन द्वारा सीमांकन कार्य किया जाएगा। कलेक्टर न्यायालय में सम्पन्न हुई जनसुनवाई कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर एवं नोड्ल अधिकारी श्रीमती माधवी नागेन्द्र, तहसीलदार श्री रविशंकर राय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

तैयारियों का जायजा

vidisha news
मानोरा मंें आयोजित होने वाले मेला की तैयारियों का आज अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जायजा लिया। मानोरा के सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में बताया गया कि मेला परिसर में किए जाने वाले तमाम प्रबंधो का क्रियान्वयन जारी है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के द्वारा पेयजल स्त्रोतों का शुद्धिकरण किया गया है। मेला में आने वाले श्रद्धालुगणों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सतत बनी रहें। इसके लिए विभिन्न स्थलों पर बीस टेंकर रखे जाएंगे। मेला परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए विभिन्न स्थलों पर अस्सी हेलोजन लगाई जाएगी। बिजली की आपूर्ति सतत बनी रहे इसके लिए ग्यारसपुर और अटारीखेजड़ा के विद्युत उपकेन्द्रों में विशेष व्यवस्थाएं की गई है। मानोरा मेला पहंुच मार्गो का मरम्मत कार्य किया जा चुका है। मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए है। पुलिसधारियों के अलावा मेला समिति के द्वारा 40 सुरक्षाकर्मी और प्रशासन द्वारा 140 पटवारी एवं कोटवारांे को तैनात किया जाएगा।  
आय के साधन
मानोरा मेला मंदिर ट्रस्ट को आय के साधन बढ़ाने पर भी विचार विमर्श किया गया जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भगवान जगदीश स्वामी के रथ के चारो तरफ दान पेटी रखी जाएगी। इसके अलावा मेला परिसर में लगने वाली दुकानों से किराया लिया जाएगा। बैठक में बताया गया कि मंदिर ट्रस्ट के पास गतवर्ष की राशि एक लाख 80 हजार रूपए बैंक में जमा है। 

साफ-सफाई
मेला परिसर में साफ-सफाई के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए है वही श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत हो का विशेष ध्यान रखा गया है। सड़क से पांच फिट की दूरी पर ही दुकाने लगाई जाएगी। उक्त बैठक में ग्यारसपुर एसडीएम श्री मनोज कुमार वर्मा, जनपद सीईओ श्री अजय सिंह वर्मा के अलावा मेला समिति के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। 

दूध वितरण आज से

जिले की शासकीय प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी के बच्चों को 15 जुलाई से दूध वितरण किया जाएगा। इसके लिए जिले में पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए है। कार्यक्रम के नोड्ल अधिकारी श्री देवेन्द्र सुंदरियाल ने बताया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक शालाओं में स्वसहायता समूहों के माध्यम से तथा शहरी क्षेत्र में आंगनबाडी केन्द्रों के माध्यम से दूध वितरण की कार्यवाही की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुंदरियाल ने बताया कि जिले में दूध वितरण का कार्यक्रम गरिमामय आयोजित किए जाएंगे। विदिशा विकासखण्ड के ग्राम हांसुआ में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री तोरण सिंह दांगी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। ग्राम ताजखजूरी में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शमशाबाद विधायक श्री सूर्यप्रकाश मीणा होंगे। ग्यारसपुर विकासखण्ड के ग्राम गुलाबगंज में विधायक श्री कल्याण सिंह ठाकुर एवं जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता कटारे शामिल होगी। कुरवाई विकासखण्ड के ग्राम मेहलुआ चैराहे पर आयोजित कार्यक्रम में कुरवाई विधायक श्री वीर सिंह पवार तथा जनपद अध्यक्ष श्री प्रेमनारायण तिवारी और सिरोंज के ग्राम देहरी में आयोजित कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्री जितेन्द्र सिंह बघेल तथा गंजबासौदा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड-13 में आयोजित ततसंबंधी कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्री निशंक जैन और नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मधुलिका अग्रवाल बच्चों को दूध वितरण का शुभांरभ करेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संुदरियाल ने बताया कि 15 जुलाई से जिले में आंगनबाडी चलो अभियान का भी संचालन किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम 22 जुलाई तक क्रियान्वित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियां जैसे पौधरोपण, कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे वही बच्चों के मध्य स्वच्छता एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। दादा-नानी संवाद और मंगल दिवस एवं बाल सभाओं का भी आयोजन इस दौरान किया जाएगा। उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों एवं स्वंयसेवी संस्थाओं से आग्रह किया है कि वे आंगनबाडी चले के उद्धेश्यों की प्राप्ति में सहयोग करें। 

दो कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, एक को सेवा से पृथक करने के आदेश जारी

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटेरी में भारी घोटाले से संबंधित प्राप्त शिकायतों की जांच स्थानीय एसडीएम के द्वारा की गई थी उनके जांच प्रतिवेदन पर कलेक्टर श्री एमबी ओझा के द्वारा कार्यवाही की गई है। जारी आदेश में उल्लेख है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटेरी में पदस्थ बीएमओ डाॅ नरेश बघेल, बीपीएम मनोज मेहरा और स्टोरकीपर सुरेश यादव तथा एमपीएस संतोष जैन एवं एमपीडब्ल्यू अखिलेश श्रीवास्तव को शोकाॅज नोटिस जारी किए गए थे। संतोषजनक जबाव प्रस्तुत नही करने पर जिन कर्मचारियों की वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए गए है उनमें सुरेश यादव की एक वर्ष, अखिलेश श्रीवास्तव की दो वर्षीय तथा संविदा नियुक्त मनोज मेहरा को संविदा शर्तो का पालन नही करने पर सेवा से पृथक करने के निर्देश जारी किए गए हैं बीएमओ डाॅ नरेश बघेल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही का प्रस्ताव संभागायुक्त को प्रेषित किया गया है। 

कोई टिप्पणी नहीं: