दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हड़ताल कर रहे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई)के छात्रों से मंगलवार को मुलाकात की और हर तरह की मदद का भरोसा दिया। एक सरकारी अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि वे उनके साथ हैं और मुद्दे को संसद में उठाने की उनकी मांग से भी सहमत हैं।" छात्रों ने अरविंद केजरीवाल को अपनी चिंताओं से अवगत कराया।
संस्थान के नवनियुक्त अध्यक्ष गजेंद्र चौहान को हटाने की मांग को लेकर एफटीआईआई के छात्र बीते एक महीने से अधिक समय से हड़ताल पर हैं। छात्रों ने कहा कि अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। अधिकारी ने कहा, "उन्होंने कहा है कि अध्यक्ष की नियुक्ति का विशेषाधिकार सरकार के पास है, लेकिन व्यक्ति की साख की भी तो महत्ता है।"
एफटीआईआई छात्र संघ के सचिव विकास उर्स ने संवाददाताओं से कहा कि केजरीवाल से उनकी बातचीत अच्छी रही। उर्स ने कहा, "हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि वे मुद्दे को आगे ले जाएंगे। उन्होंने छात्रों के साथ पूरी एकजुटता दर्शाई।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें