भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए आज कहा कि वह किसानों की लाखों एकड़ जमीन हड़पने के बाद घड़ियाली आंसू बहा रही है और उसके नेता अपनी इस नाटकबाजी से अपने कार्यकर्ताओं को गुमराह कर सकते हैं, देश की जनता को नहीं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और संसदीय कार्यमंत्री एम वेंकैया नायडू, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र सिंह ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सत्ता खोने के बाद कांग्रेस हताश और निराश हो गयी है और मोदी सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा में किसानों की 80 हजार एकड़ जमीन और संयुक्त आंध्र प्रदेश में पांच लाख एकड़ से अधिक जमीन कौड़ियों के भाव खरीदी और आज उसके नेता किसानों के मसीहा होने का दम भर रहे हैं।
श्री नायडू ने कहा कि कांग्रेस के नेता आज कह रहे हैं कि वे मोदी सरकार को किसानों की एक इंच जमीन भी अधिग्रहीत नहीं करने देंगे। कांग्रेस पहले यह बताए कि एक इंच का उसका क्या मापदंड है। अपने 60 साल के कार्यकाल में उसने जो जमीन ली है क्या वह पर्याप्त नहीं है। हरियाणा और आंध्र प्रदेश में जब जमीन की लूट हो रही थी तब कांग्रेस के नेता कहां थे। यह जमीन किसानों की सहमति और सामाजिक आकलन प्रभाव के बिना ली गयी। चार गुना मुआवजा और नौकरी भी नहीं दी गयी। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण आज किसान आत्महत्या कर रहे हैं और उसके नेता आज घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की सच्चाई को देशवासियों के सामने रखना जरूरी है। हरियाणा और आंध्र प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र और राजस्थान का सच भी जनता के सामने रखा जाएगा ताकि देश के लोगों को कांग्रेस की काली करतूत का पता चल सके। कांग्रेस को इस मुद्दे पर तथ्यों के साथ बहस करनी चाहिए। विपक्षी पार्टी होने के नाते सरकार की आलोचना करना कांग्रेस का अधिकार है लेकिन ‘रैली से पहले टैली’ करना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें