लालू और नीतीश लोहिया की विरासत को अपमानित कर रहे हैं :अरुण जेटली - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।


गुरुवार, 17 सितंबर 2015

लालू और नीतीश लोहिया की विरासत को अपमानित कर रहे हैं :अरुण जेटली

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बिहार में महागठबंधन के नेताओं पर निशाना साधते हुए आज कहा कि वे समाजवादी नेता राममनोहर लोहिया की विरासत को अपमानित कर रहे हैं। जेटली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पंच क्रांति अभियान की शुरुआत करने के बाद कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कमार और राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव लोहिया की विरासत को अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोहिया जी के नाम पर राजनीति करने वाले हर शाम अब कांग्रेस के दफ्तर पर प्रेस कांफ्रेंस करते हैं।

उन्होंने कहा कि लोहिया हमेशा कांग्रेस के खिलाफ रहे जबकि ये दोनों नेता सत्ता के लिए कांग्रेस से मिल गए हैं।उल्लेखनीय है कि जनता दल यू और राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के साथ मिलकर महागठबंधन बनाया है। जेटली ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा का विजय रथ दौड़ा चला जा रहा है और यह अभियान बिहार में भी जारी रहेगा। विपक्ष के दुष्प्रचार के बावजूद मध्य प्रदेश और राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा ने झंडे गाड़े। दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत हुई और यहां तक कि उसने वामपंथियों के गढ़ जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में भी सेंध लगायी है।

उन्होंने इस दौरान मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह अपना एजेंडा खुद तय करता है और उस पर दिनभर चर्चा कराता है। राजनेताओं ने अब मीडिया के इस नए रूप के साथ जीना सीख लिया है। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी के असली एजेंडे को जनता के बीच ले जाने का काम कार्यकर्ताओं को करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बिहार चुनाव में पूरी ताकत के साथ काम करें। इस दौरान पर्यटन मंत्री महेश शर्मा, खेल एवं युवा मामले के मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, कौशल विकास मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी, भाजपा के संगठन महासचिव रामलाल, दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय और भाजयुमो के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं: